रूस के हमले में अब तक यूक्रेन में 40 लोगों की मौत: रिपोर्ट

    Loading

    नई दिल्ली: रूसी सैनिकों ने गुरुवार को यूक्रेन (Ukraine) पर हमला कर दिया। ये अटैक रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (President Vladimir Putin) की यूक्रेन में विशेष सैन्य ऑपरेशन (Special Army Operation) के ऐलान के बाद किया गया। रूस के सैन्य बलों के हमले में यूक्रेन में कई लोगों की मौत की खबर है। न्यूज़ एजेंसी एपी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार के हवाले से बताया है कि, देश पर रूसी हमले में अब तक लगभग 40 लोग मारे गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन हमलों में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।

    बता दें कि, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमले की निंदा एवं प्रतिबंधों को नजरंदाज करते हुए अन्य देशों को चेतावनी दी कि रूसी कार्रवाई में किसी प्रकार के हस्तक्षेप के प्रयास ‘‘के ऐसे परिणाम होंगे, जो उन्होंने पहले कभी नहीं देखे होंगे।”

    वहीं पुतिन ने कहा है कि उन्होंने यूक्रेन में ‘‘विशेष सैन्य अभियान” शुरू करने का निर्णय उसका असैन्यीकरण (Demilitarize) करने और नाजियों से मुक्त कराने के मकसद से लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि, इस कदम का लक्ष्य रूसी नागरिकों सहित शांतिप्रिय लोगों के खिलाफ अनगिनत अपराध करने वालों को न्याय के दायरे में भी लाना है।

    दरअसल पुतिन ने टेलीविजन पर अपने विशेष संबोधन में कहा है कि, पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ डोनबास ने मदद की गुहार लगाते हुए रूस से संपर्क किया, मैंने विशेष सैन्य अभियान चलाने का निर्णय किया है। उन्होंने कहा कि, सैन्य अभियान का लक्ष्य उन लोगों की रक्षा करना है जो प्रताड़ित हैं, आठ वर्ष से कीव के शासन में जनसंहार का सामना कर रहे हैं। हम यूक्रेन का असैन्यीकरण करने और उसे नाजियों से मुक्त करने का प्रयास करेंगे। साथ ही, रूसी नागरिकों सहित शांतिप्रिय लोगों के खिलाफ अनगिनत अपराध करने वालों को न्याय के दायरे में भी लाएंगे।