जानिए क्यों मनाया जाता है ‘अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस’, इससे जुड़ी कुछ रोचक बातें

    Loading

     सीमा कुमारी

    नई दिल्ली: आज ‘इंटरनेशनल मेन्स डे’ (International Men’s Day) है। यह खास दिन हर साल 19 नवंबर को मनाया जाता है। भारत ही नहीं, यह दिवस दुनिया के लगभग 60 से अधिक देशों में मनाया जाता है।

    इस विशेष दिन को मनाने का मूल उद्देश्य पुरुषों को सम्मान देना है। समाज में सिर्फ महिलाएं ही नहीं हैं, जिनके साथ दुर्व्यवहार होता आया है, पुरुषों के साथ भी दुनियाभर में आए दिन कुछ न कुछ घटते ही रहता है। शोषण, पक्षपात, हिंसा, उत्पीड़न, असमानता इन सबका शिकार पुरुष भी होते हैं।

    हालांकि अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस मनाने के पीछे मुख्य उद्देश्य पुरुषों का मानसिक स्वास्थ्य, पुरुषत्व के सकारात्मक गुणों की सराहना, समाज में मौजूद पुरुष रोल मॉडल्स को मुख्यधारा में लाना, लैंगिक समानता आदि हैं। भारत में पहली बार 2007 में 19 नवंबर को ‘अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस’ मनाया गया।

    आइए जानें इसका इतिहास

    भारत में अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस मनाने की शुरुआत 13 साल पहले से ही की गई है। पहली बार यह साल 2007 में मनाया गया था। अगर वैश्विक स्तर की बात करें तो इसकी शुरुआत 1998 में त्रिनिदाद और टोबैगो में हुई थी। डॉ. जीरोम तिलकसिंह ने पुरुषों के योगदान को सराहते हुए पुरुष दिवस मनाने की सोची थी। सबसे पहले उन्होंने ही अपने पिता के जन्मदिन पर विश्व पुरुष दिवस मनाया था। डॉ. जीरोम ने अंतर्राष्ट्रीय पुरुष दिवस की पहल करते हुए यह शुरुआत की थी और तभी से हर साल इसे मनाया जाने लगा।

    क्यों न अपनी जिंदगी के पुरुषों के लिए आज का दिन खास बना दिया जाए

    इस दिन महिलाएं अपने घर या ऑफिस के पुरुषों और दोस्तों को उनके इस्तेमाल वाली चीजें गिफ्ट में दे सकती हैं। आप उन्हें मेन्स ग्रूमिंग किट, शर्ट, पेन, डायरी आदि दे सकती हैं। यकीनन आपका यह अंदाज उन्हें बेहद पसंद आएगा। आज के खास दिन पर आप अपने पिता, भाई, पति, बॉयफ्रेंड, ससुर, कलीग या जिंदगी के किसी भी पुरुष को खास संदेश भेजकर शुभकामनाएं दे सकती हैं। आप चाहें तो उन्हें विशेष वाला ऑडियो या वीडियो रिकॉर्ड कर भी भेज सकती हैं।

    विदेशों में अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस विभिन्न तरीकों से मनाया जाता है। हालांकि भारत में अब जाकर इसे प्रसिद्धि मिली है। यदि आप अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस मनाना चाहते हैं तो शुरुआत अपने घर से करें। घर के पुरुष सदस्यों को खास महसूस करवाएं। उन्हें बताएं कि वे क्यों आपके और इस घर के लिए रोल मॉडल हैं। उनका पसंदीदा खाना बनाकर, उन्हें कोई हैंडमेड गिफ्ट देकर या कोई खूबसूरत से संदेश वाला कार्ड देकर भी अच्छा महसूस करवाया जा सकता है।