MODI-GAS-CYLINDER

Loading

नई दिल्ली: आखिरकार ‘होली’ (Holi) के त्यौहार के पहले और आज महिला दिवस (Women’s Day) पर देश के प्रधानमंत्री मोदी (PM Narendra Modi) ने देश की जनता को फिर एक बड़ा गिफ्ट दे ही दिया है। जी हां, महिला दिवस के मौके पर केंद्र सरकार ने घरेलु LPG सिलेंडर (LPG Cylinder) की कीमतों में 100 रुपये की कटौती करने का फैसला किया है।

इस बाबत आज PM मोदी ने बाकायदा सोशल मीडिया ‘X’ में ट्वीट किया कि, “आज महिला दिवस पर, हमारी सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपये की कटौती करने का फैसला किया है। इससे देश भर के लाखों परिवारों पर वित्तीय बोझ काफी कम हो जाएगा, विशेष रूप से हमारी नारी शक्ति को लाभ होगा। रसोई गैस को और अधिक किफायती बनाकर, हमारा लक्ष्य परिवारों की भलाई का समर्थन करना और एक स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना भी है। यह महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके लिए ‘जीवनयापन में आसानी’ सुनिश्चित करने की हमारी प्रतिबद्धता के अनुरूप है।” 

गौरतलब है कि, इससे पहले मार्च के पहले ही दिन कर्मशियल LPG  सिलेंडर की कीमत (LPG Price Hike) में बढ़ोत्तरी हुई थी। इसे तब 25.50 रुपये महंगा किया गया था। आखिरी बार घरेलू सिलेंडर की कीमतों में 30 अगस्त को बदलाव किया गया था।1 मार्च 2023 को दिल्ली में LPG की कीमत 1,103 रुपये प्रति सिलेंडर थी। फिर इसमें एक साथ 200 रुपये की कटौती की गई थी।

पता हो कि, PM मोदी का ये फैसला देशभर में सभी सिलेंडर धारकों पर लागू होगा। इसके पहले उज्जवला योजना के तहत सिलेंडर की कीमतों पर 300 रुपए की छूट को अगले एक साल तक जारी रखने का फैसला बीते दिन केंद्रीय कैबिनेट ने लिया ही था। उससे आगे 100 रुपए प्रति सिलेंडर की छूट सभी सामान्य सिलेंडर ग्राहकों पर लागू होगी। इस बाबत सरकारी आंकड़ों की मानें तो, देशभर में करीब 32.5 करोड़ LPG कनेक्शन हैं। इसमें PM उज्ज्वला योजना के तहत करीब पौने दस करोड़ सिलेंडर विगत 10 सालों में दिए गए हैं।

तोहफे के साथ PM मोदी ने दी महिला दिवस की शुभकामनाएं

इसके साथ ही आज उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामानएं देते हुए कहा, “अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं! हम अपनी नारी शक्ति की ताकत, साहस और लचीलेपन को सलाम करते हैं और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हैं। हमारी सरकार शिक्षा, उद्यमिता, कृषि, प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों में पहल के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पिछले दशक में हमारी उपलब्धियों में भी परिलक्षित होता है।”