Photo - Instagram
Photo - Instagram

Loading

मुंबई: परदे पर श्रीराम का किरदार निभाने की बात आती है तो सबसे पहला नाम हमारे जेहन में अभिनेता अरुण गोविल का ही सामने आता है। जिन्होंने रामानंद सागर के एपिक सीरियल ‘रामायण’ में प्रभु श्रीराम का किरदार निभाया था। इस किरदार के जरिए अरुण गोविल पूरे देश में इतने मशहूर हो गए कि लोग अपने-अपने घरों में उनकी तस्वीरें लगाने लगे। उनकी लोकप्रियता का आलम तो ये था कि लोग जहां भी उन्हें देखते उनके पैर छूने की होड़-सी मच जाती थी। हालांकि इस किरदार में अरुण गोविल जैसी सफलता किसी और अभिनेता को नहीं मिली। लेकिन उनके अलावा कई और कलाकारों ने भी प्रभु श्रीराम का किरदार निभाकर काफी लोकप्रियता हासिल की। आइये जानते हैं उन कलाकारों के बारे में..

श्रीराम के रूप में जितेंद्र आये थे नज़र 

बॉलीवुड अभिनेता जितेंद्र भी साल 1997 में आई फिल्म ‘लव कुश’ में प्रभु श्रीराम के किरदार में नजर आए थे और उनके साथ जयाप्रदा मां सीता की भूमिका में थीं। लेकिन उनके किरदार को नोटिस नहीं किया गया। पर धार्मिक प्रवृत्ति के जितेंद्र को इस किरदार ने काफी आत्मिक शांति प्रदान की होगी। 

गुरमीत को मिली घर-घर पहचान 

साल 2008 में रामानंद सागर के पोते आनंद सागर ने ‘रामायण’ को छोटे पर्दे पर फिर से री-क्रिएट किया, जिसमें गुरमीत चौधरी प्रभु श्रीराम की भूमिका में थे। हालांकि इस क्रिएशन को पहले जैसा रिस्पॉन्स तो नहीं मिला लेकिन श्रीराम के किरदार में अभिनेता गुरमीत चौधरी को लोगों ने काफी पसंद किया। इस सीरियल ने उन्हें घर-घर पहचान दिलाई। 

श्रीराम के रूप में नहीं स्वीकारा 

महाभारत जैसा सफल धारावाहिक बना चुके बीआर चोपड़ा साल 2001 जब रामायण लेकर आये तो उन्होंने महाभारत के कृष्ण यानी नीतीश भारद्वाज को राम की भूमिका सौंपी। इस सीरियल में स्मृति ईरानी ने माता सीता का रोल निभाया था। हालांकि इस धारावाहिक को लोगों ने पसंद किया लेकिन नीतीश भारद्वाज श्रीकृष्ण के किरदार में इतनी गहरी पैठ बना चुके थे कि दर्शक उन्हें श्रीराम के रूप में स्वीकार नहीं कर पाए। आज भी लोग उन्हें उसी भूमिका के लिए जानते हैं।

राम से मिली आशीष शर्मा पहचान

साल 2016 में निर्देशक निखिल सिन्हा रामायण पर बेस्ड सीरियल ‘सिया के राम’ लेकर आए जिसमें आशीष शर्मा ने प्रभु श्रीराम की भूमिका निभाई थी। ये सीरियल हिट रहा और श्रीराम के किरदार के जरिये आशीष शर्मा ने भी घर-घर में अपनी पहचान बना ली। इस रोल ने उन्हें काफी मशहूर कर दिया और आज भी लोग उन्हें इसी शोज की वजह से जानते हैं। 

विवादों के बावजूद सफल रहे हिमांशु 

सीरियल ‘राम सिया के लवकुश’ में हिमांशु सोनी ने प्रभु श्रीराम का किरदार निभाया था। ये सीरियल अपने कंटेंट की वजह से कम और बाल्मीकि समुदाय से जुड़े विवादों के कारण ख़ास लोकप्रिय हुआ। विवाद यहां तक बढ़ा कि कई राज्यों में इस सीरियल के प्रसारण पर रोक लगा दी गई। इन विवादों के बावजूद हिमांशु सोनी राम के किरदार में अपनी पहचान बनाने में सफल रहे।