राजेश खन्ना के साथ शादी फिर फिल्मों से 11 साल का ब्रेक, जानें डिंपल कपाड़िया के बारे में ये खास बातें

    Loading

    मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस डिंपल कपाड़िया (Dimple Kapadia) आज अपना 65वां जन्मदिन मना रही है। अदाकारा का जन्म 8 जून 1957 को मुंबई के एक गुजराती परिवार में हुआ था। उनके पिता चुन्नीभाई कपाड़िया एक व्यवसायी थे, लेकिन डिंपल कपाड़िया की रुचि शुरू से ही अभिनय की ओर थी। यही वजह थी कि उन्होंने महज 16 साल की उम्र में अभिनय करना शुरू कर दिया था। डिंपल कपाड़िया को अभिनेता राज कपूर ने फिल्मों में मौका दिया था।

    डिंपल कपाड़िया ने साल 1973 में फिल्म बॉबी से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म के साथ ही ऋषि कपूर ने बतौर लीड एक्टर अपने करियर की शुरुआत भी की थी। डिंपल कपाड़िया अपनी पहली ही फिल्म से बड़े पर्दे पर छाई रहीं। फिल्म बॉबी के लिए उन्हें फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। डिंपल कपाड़िया ने जब इस फिल्म में काम किया था तब वह सिर्फ 16 साल की थीं।

    अपनी पहली फिल्म के बाद उन्होंने करीब 11 साल का ब्रेक लिया। इसके पीछे की वजह तत्कालीन सुपरस्टार अभिनेता राजेश खन्ना थे। दरअसल, फिल्म बॉबी के बाद डिंपल कपाड़िया ने राजेश खन्ना से शादी कर ली। शादी के वक्त डिंपल कपाड़िया की उम्र राजेश की उम्र से लगभग आधी थी। राजेश-डिंपल की शादी के बारे में एक लघु फिल्म तब फिल्म शुरू होने से पहले देश भर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित की गई थी। डिंपल फिर सिनेमा के पर्दे से दूर हो गईं।

    शादी के बाद वह करीब दस साल तक सिनेमा से दूर रहीं। इस दौरान उनकी दोनों बेटियों ट्विंकल खन्ना और रिंकी खन्ना का जन्म हुआ। कुछ समय बाद डिंपल कपाड़िया और राजेश खन्ना के रिश्ते बिगड़ने लगे और देखते ही देखते बॉलीवुड की सबसे चर्चित शादी खतरे में पड़ गई तो दोनों अलग हो गए।

    हालांकि दोनों ने तलाक नहीं लिया। आपको बता दें कि राजेश खन्ना के आखिरी दिनों में उनके साथ नजर आई थीं डिंपल! जब राजेश खन्ना सब कुछ खो चुके थे तो डिंपल ने उन्हें अकेले नहीं रहने दिया। बॉबी के बाद डिंपल कपाड़िया ने घायल शेर, अतबार, सागर, आखिरी अदालत, नरसिमाह, अजूबा, राम लखन, कॉकटेल और अंग्रेजी मीडियम समेत कई फिल्मों में काम किया और दर्शकों का दिल जीत लिया। साल 1993 में रिलीज हुई फिल्म रुदाली डिंपल कपाड़िया की अहम फिल्मों में से एक है।