संजय निरुपम का शिवसेना पर करारा प्रहार, बोले-“पहले अपना दामन झांको”

Loading

नई दिल्ली. बिहार चुनाव में शिवसेना की करारी हार के बाद कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने शिवसेना पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा, शिवसेना ने बिहार में 22 सीटों पर चुनाव लड़ा था। लेकिन 21 सीटों पर उन्हें नोटा से भी कम वोट मिले। इसलिए निरुपम ने शिवसेना को सलाह दी है कि, कांग्रेस को नसीहत देने की बजाय अपना दामन झांको।

निरुपम ने एक ट्वीट करते हुए शिवसेना पर निशाना साधा है। ट्वीट में उन्होंने लिखा कि, “शिवसेना ने बिहार में 22 सीटों पर चुनाव लड़ा था। सुना है कि 21 सीटों पर उन्हें नोटा से भी कम वोट मिले हैं। इसलिए कॉंग्रेस को नसीहत देने की बजाय अपना मुँह बंद रखे।”

गौरतलब है कि, भारतीय चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, दोपहर तक हुई मतगणना में बिहार में चुनाव लड़ रही शिवसेना को 0.05 फीसदी वोट मिले हैं।कई जगहों पर शिवसेना के उम्मीदवारों की जमानत भी जब्त हो गई है। आश्चर्यजनक बात यह है कि, शिवसेना की तुलना में नोटा को 1.74 फीसदी वोट ज्यादा मिले हैं। महाराष्ट्र में कांग्रेस और शिवसेना को एकजुट कर महाविकास अघाड़ी बनाने वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को भी बिहार में ज्यादा सफलता नहीं मिली है। राष्ट्रवादी को 0.23 फीसदी वोट मिले हैं।

देर शाम 6 बजे तक, NDA 123 और महागठबंधन 112 सीटों पर आगे है। वहीं, भाजपा 72, जदयू 43, राजद 74, कांग्रेस 20, लेफ्ट 18 सीटों पर काबिज़ हो चुकें हैं।