amarnath
File Photo

    Loading

    नई दिल्लीः कड़ी सुरक्षा के बीच 6,300 से अधिक तीर्थयात्रियों का छठा जत्था दक्षिण कश्मीर में 3,880 मीटर ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए मंगलवार को रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) की कड़ी सुरक्षा के बीच 239 वाहनों में कुल 6,351 तीर्थयात्री यहां भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हुए।

    खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा फिलहाल अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है। बता दें कि, श्रीनगर के कई इलाकों में देर रात से ही बारिश हो रही है। वहीं यहां के पहलगाम और बालटाल मार्ग पर भूस्खलन या लैंड स्लाइड की भी आशंका है, जिससे रास्तों पर फिलहाल यातायात को रोक दिया गया है। जिसके फिर से जल्द शुरू होने की संभावना बनी हुई है।

    इनमें 4,864 पुरुष, 1,284 महिलाएं, 56 बच्चे, 127 साधु, 19 साध्वी और एक ट्रांसजेंडर है। उन्होंने बताया कि बालटाल आधार शिविर के लिए जाने वाले 2,028 तीर्थयात्री 88 वाहनों में तड़के करीब तीन बजकर 35 मिनट पर सबसे पहले रवाना हुए, इसके बाद कश्मीर में पहलगाम शिविर के लिए 4,323 तीर्थयात्रियों को लेकर 151 वाहनों का दूसरा काफिला रवाना हुआ।

    बाबा बर्फानी के दर्शन के लिये 43 दिन की वार्षिक यात्रा दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में पारंपरिक 48 किलोमीटर के नुनवान मार्ग और मध्य कश्मीर के गांदरबल में 14 किलोमीटर के बालटाल मार्ग से 30 जून को शुरू हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक 72000 से अधिक तीर्थयात्री पवित्र गुफा में बर्फ से बने शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं। अमरनाथ यात्रा 11 अगस्त को रक्षा बंधन के अवसर पर समाप्त होगी।(एजेंसी)