Badruddin Ajmal
File Photo: PTI

Loading

नई दिल्ली/बारपेटा. ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) के अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल (Badruddin Ajmal) ने मुसलमानों को 20 से 25 जनवरी के बीच अपने घरों में ही रहने और ट्रेन में यात्रा नहीं करने की नसीहत दी है। साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मुस्लिम विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा उनके धर्म की दुश्मन है।

असम के बारपेटा में लोगों को संबोधित करते हुए सांसद बदरुद्दीन अजमल ने कहा, “हमें सतर्क रहना होगा। मुसलमान 20 जनवरी से 25 जनवरी तक ट्रेन से यात्रा न करें। राम जन्मभूमि में राम की मूर्ति रखी जाएगी, पूरी दुनिया इसका गवाह बनेगी। लाखों लोग आएंगे। भाजपा की योजना बड़ी है। इस दौरान हमें ट्रेन से यात्रा नहीं करनी चाहिए और घर पर ही रहना चाहिए। भाजपा मुसलमानों की सबसे बड़ी दुश्मन है। भाजपा हमारी जान, हमारी आस्था, हमारी अज़ान की दुश्मन है।”

गिरिराज सिंह का बदरुद्दीन अजमल पर पलटवार

गिरिराज सिंह ने कहा, ”बदरुद्दीन अजमल भले ही नफरत करते हों, लेकिन भाजपा मुसलमानों से नफरत नहीं करती। हम ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ काम करते हैं।” उन्होंने कहा, “अयोध्या भूमि विवाद मामले में पूर्व वादी इकबाल अंसारी को राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रित किया गया है और वह प्रार्थना में भी भाग लेंगे।”

सिंह ने कहा, “बदरुद्दीन अजमल और असदुद्दीन ओवैसी जैसे लोग समाज में नफरत फैलाते हैं और भाजपा सभी धर्मों का सम्मान करती है। इन लोगों की तरह नहीं है जो मुस्लिम धर्म को नहीं माने वो उन्हें काफिक करार दे देते हैं। ये लोग तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं। ऐसा करते-करते मोदी और भाजपा को गाली देते हैं। हमें इनसे नसीहत नहीं चाहिए। ये देश का हित नहीं कर सकते हैं। ये कितना रोजगार दे रहे हैं, हम जानते हैं। इफ्तार करते हैं लेकिन गरीब हिंदुओं को खाना नहीं खिलाएंगे। हज वालों से नफरत नहीं करेंगे। हिंदुओं से नफरत करेंगे। समय पड़ेगा तो अपने जनेऊधारी कहेंगे, नहीं तो टोपीधारी रहेंगे।”

22 जनवरी को होगा प्राण प्रतिष्ठा समारोह

गौरतलब है कि राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर उत्तर प्रदेश के अयोध्या में जोरों-शोरों से तैयारियां चल रही है। कार्यक्रम के लिए निमंत्रण भी भेजे जा रहे हैं।