Nitish Kumar Rabri Devi

Loading

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी समेत 11 उम्मीदवार राज्य विधान परिषद के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए है। मुख्यमंत्री का यह लगातार चौथा कार्यकाल होगा। कुमार के अलावा, विधान परिषद की 11 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव के लिए पर्चा दाखिल करने वाले विभिन्न दलों के 10 उम्मीदवारों को नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

कुमार अपना सर्टिफिकेट लेने विधानसभा सचिवालय पहुंचे। उनके साथ करीबी सहयोगी राजीव रंजन सिंह “ललन” तथा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा थे। उच्च सदन के लिए चुने गए अन्य प्रमुख लोगों में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी (राजद), राज्य मंत्री संतोष सुमन (हम) और पूर्व मंत्री मंगल पांडे (भाजपा) शामिल हैं।

11 उम्मीदवार हुए निर्वाचित 

जानकारी के लिए बता दें कि बिहार से विधान परिषद के लिए निर्वाचित होने वाले सदस्यों में तीन बीजेपी, दो जेडीयू, चार आरजेडी के अलावा भाकपा (माले) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा से एक-एक सदस्य हैं। निर्वाचित हुए प्रत्याशियों में जेडीयू के नीतीश कुमार और खालिद अनवर, बीजेपी से मंगल पाण्डेय, लाल मोहन गुप्ता और अनामिका सिंह, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा से संतोष कुमार सुमन, जबकि आरजेडी से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, अब्दुल बारी सिद्दीकी, फैसल अली और उर्मिला ठाकुर तथा भाकपा (माले) की शशि यादव भी निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं।