Two killed as train hits them in Jamtara
जामताड़ा में ट्रेन की चपेट में आने से दो की मौत (PTI Photo)

Loading

रांची: झारखंड के जामताड़ा में बड़ी ट्रेन दुर्घटना सामने आई है। यहां के जामताड़ा-करमाटांड़ के कलझारिया के पास ट्रेन की चपेट में 12 लोग आ गए। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई है। जबकि कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। 

जानकारी के अनुसार, ट्रेन में आग लगने के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और यात्री ट्रेन से नीचे कूद गए। इस दौरान दूसरी और से आ रही ट्रेन के चपेट में 12 लोग आ गए। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। जामताड़ा के पुलिस उपायुक्त ने कहा कि जामताड़ा के कालाझरिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेन ने यात्रियों को कुचल दिया। कुछ मौतों की सूचना मिली है। मौतों की सही संख्या की पुष्टि बाद में की जाएगी। मेडिकल टीमें और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं। 

जामताड़ा अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) एम. रहमान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दुर्घटना जामताड़ा जिले के कलझरिया इलाके के पास उस समय हुई जब कुछ यात्री गलत तरफ से ट्रेन से उतर गये।  उन्होंने कहा, ‘‘यात्री दूसरी लाइन पर आ रही एक लोकल ट्रेन की चपेट में आ गए।”   रहमान ने कहा, ‘‘अब तक दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं। तलाशी अभियान जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।”

 रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, घटना रात करीब सात बजे हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। पूर्वी रेलवे ने एक बयान में कहा, ‘‘ईआर (पूर्वी रेलवे) के आसनसोल डिवीजन में रात सात बजे विद्यासागर-कासितार के बीच गुजरने वाली ट्रेन संख्या 12254 (अंग एक्सप्रेस) ‘चेन खींचने’ के कारण रुक गई। इसके बाद, रात सात बजकर सात मिनट पर पटरी पर चल रहे दो लोग मेमू ट्रेन की चपेट में आए गए। दुर्घटनास्थल जहां ट्रेन रुकी थी, उससे कम से कम दो किलोमीटर दूर है।” इसने कहा कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। 

राष्ट्रपति ने ट्रेन दुर्घटना में लोगों की मौत पर व्यक्त किया शोक 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को झारखंड के जामताड़ा जिले में एक ट्रेन दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।  पुलिस ने कहा कि बुधवार शाम जामताड़ा जिले के कलझरिया के पास ट्रेन की चपेट में आने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई। मुर्मू ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”झारखंड के जामताड़ा जिले में हुई रेल दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।”

घटना की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने झारखंड के जामताड़ा में हुए रेल हादसे में कुछ लोगों की मौत होने पर बुधवार को दुख जताया और कहा कि रेल मंत्रालय को इस घटना की जिम्मेदारी लेते हुए निष्पक्ष जांच करानी चाहिए ताकि जवाबदेही तय हो सके। खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “झारखंड के जामताड़ा में हुई रेल दुर्घटना बेहद हृदयविदारक है। कई लोगों की जान जाने का समाचार अत्यंत दुःखद है। मृतकों के परिवारजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं और हम घायलों के अति-शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हैं।”  उन्होंने कहा कि रेलवे व शासन-प्रशासन को त्वरित राहत-बचाव का काम करना चाहिए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हर संभव मदद करनी चाहिए। खरगे ने कहा, “रेल मंत्रालय को इस दर्दनाक हादसे की ज़िम्मेदारी लेते हुए, इसकी निष्पक्ष जाँच करानी चाहिए, ताकि जिससे सुरक्षा में चूक हुई है, उसकी जवाबदेही तय हो।” 

सीएम चंपई सोरेन ने व्यक्त की संवेदना 

सीएम चंपई सोरेन ने कहा कि जामताड़ा के कलझारिया स्टेशन के पास  हुई ट्रेन दुर्घटना की दुखद खबर से मन व्यथित है। ईश्वर दिवगंत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दें। प्रशासन की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।