Jagdish Shettar

Loading

नई दिल्ली. कांग्रेस (Congress) ने आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव (Karnataka Assembly Elections) के लिए मंगलवार को सात उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की। जिसमें दो दिन पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार (Jagdish Shettar) को उनके निर्वाचन क्षेत्र हुबली धारवाड़ सेंट्रल से टिकट दिया गया है।

शेट्टार ने भाजपा से मतभेद के बाद दिया इस्तीफा

गौरतलब है कि भाजपा द्वारा 189 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने के बाद छह बार के विधायक जगदीश शेट्टार का पार्टी के साथ मतभेद हो गया था। पार्टी ने उन्हें टिकट देने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को चुनाव टिकट देने के लिए मनाने के लिए दिल्ली गए थे। इसके बाद केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रल्हाद जोशी ने मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के साथ शेट्टार के आवास पर बैठक की। लेकिन सब व्यर्थ रहा। इसके बाद उन्होंने पार्टी से इस्तीफा देने का मन बनाया।

मेरे खिलाफ रची गई साजिश: शेट्टार

जगदीश शेट्टार ने रविवार को भाजपा से इस्तीफा दे दिया और एक दिन बाद कांग्रेस में शामिल हो गए। सोमवार को उन्होंने घोषणा की है कि वह 19 अप्रैल को कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। लिंगायत नेता ने आरोप लगाया था कि उनके खिलाफ सुनियोजित साजिश की जा रही है। पार्टी में उनके योगदान और राज्य में उनके द्वारा संभाले गए महत्वपूर्ण पदों को याद करते हुए शेट्टार ने कहा, “जिस तरह से मुझे अपमानित किया गया, उससे मैं निराश हूं…मैंने सोचा कि मुझे उन्हें चुनौती देनी चाहिए। इसलिए, मैंने चुनाव लड़ने का फैसला किया है।”

शेट्टार का किया जाएगा इस्तेमाल : बोम्मई

जगदीश शेट्टार के कांग्रेस में शामिल होने के एक दिन बाद, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस बोम्मई ने दावा किया कि भाजपा के दिग्गज को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा दिल्ली में एक बड़े पद की पेशकश की गई थी। बोम्मई ने यह भी दावा किया कि शेट्टार का इस्तेमाल किया जाएगा और उन्हें बाहर कर दिया जाएगा।

शेट्टार के शामिल होने के साथ, कांग्रेस का उद्देश्य कर्नाटक में लिंगायत वोट बैंक को तोड़ना है। गौरतलब है कि लिंगायत वोट बैंक अब तक भाजपा के साथ मजबूती से खड़ा है। शेट्टार और लक्ष्मण सावदी, दोनों वरिष्ठ लिंगायत नेता भगवा पार्टी से हैं।

10 मई को मतदान

कर्नाटक में 10 मई को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती 13 मई को होगी। इस बार भाजपा, कांग्रेस और जेडी (एस) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। भाजपा सत्ता बनाए रखने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है, जो कांग्रेस और जद (एस) के लिए कड़ी चुनौती है।