BBC Documentary
FILE- PHOTO

    Loading

    नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी (PM Modi) और गुजरात दंगों (Gujarat Riots) पर आधारित बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री सीरीज को लेकर विवाद रुकने का नाम नहीं ले रहा है।  इस बीच, इस डाक्यूमेंट्री के क्लिप अपने सोशल मीडिया पर शेयर करने वाले विपक्षी नेताओं पर भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को निशाना साधा है। बीजेपी ने कहा कि, ये 2002 के गुजरात दंगों का राजनीतिकरण करने का एक प्रयास था।

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई के अनुसार, बीजेपी नेता अमित मालवीय ने कहा, “पिछले कई वर्षों में, विपक्षी दलों विशेष रूप से कांग्रेस ने दुर्भाग्यपूर्ण गुजरात दंगों का राजनीतिकरण करने की कोशिश की है। हालांकि, इससे राजनीतिक लाभ निकालने के उनके सभी प्रयासों के बावजूद, प्रधानमंत्री मोदी सुप्रीम कोर्ट और लोगों की अदालत में सही साबित हुए हैं।” 

    “हमें कानून पर उपदेश न दें”

    उन्होंने यह भी कहा, “इससे कोई फर्क क्यों पड़ना चाहिए कि एक बाहरी एजेंसी (बीबीसी) का उस मुद्दे के बारे में क्या कहना है जो हमारी उच्चतम न्यायालय में तय किया गया है। यह डॉक्यूमेंट्री हमारे देश और लोगों के लिए पक्षपातपूर्ण है। एक पुराने उपनिवेशवादी जो अपने स्वयं के उतार-चढ़ाव वाले इतिहास को भूल गया है। उन्हें हमें कानून के शासन और मानवाधिकारों के बारे में उपदेश नहीं देना चाहिए।” 

    BBC की डॉक्यूमेंट्री में है क्या?

    गौरतलब है कि बीबीसी ने ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ शीर्षक से दो भाग में एक नई डाक्यूमेंट्री सीरीज बनाई है। इसका पहला पार्ट मंगलवार को जारी किया गया है। यह सीरीज गुजरात में 2002 में हुए दंगों पर आधारित है जब नरेंद्र मोदी राज्य के मुख्यमंत्री थे। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुरुआती दौर के राजनीतिक सफर पर बातें की गईं हैं। वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ उनके जुड़ाव, भाजपा में बढ़ते कद और गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनकी नियुक्ति की चर्चा भी इसमें की गई है।

    हालांकि, यह सीरीज अभी तक भारत में प्रसारित नहीं हुई, लेकिन लंदन समेत दुनिया के कई देशों में इसे बीबीसी ने चलाया। अब इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इसे लेकर शनिवार को केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय के निर्देश पर इस डाक्यूमेंट्री के पहले एपिसोड को शेयर करने वाले कई यूट्यूब वीडियो को ब्लॉक कर दिया गया। भारत ने इस विवादास्पद डाक्यूमेंट्री सीरीज की निंदा की है।

    विपक्षी नेताओं का मोदी सरकार पर हमला 

    वहीं, डॉक्यूमेंट्री के लिंक शेयर करने वाले यूट्यूब वीडियो और ट्विटर पोस्ट को ब्लॉक करने के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा ने केंद्र सरकार हमला बोला  है। उन्होंने डॉक्यूमेंट्री का एक अर्कायिव्ड लिंक शेयर करते हुए कहा, “दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के दरबारी असुरक्षित हैं।”

    उन्होंने ट्विटर पर कहा, “सरकार ये सुनिश्चित करने के लिए युद्ध स्तर पर है कि भारत में कोई भी बीबीसी का एक शो न देख सके। शर्म की बात है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के सम्राट और दरबारी इतने असुरक्षित हैं।”