patel-adhir-ranjan

Loading

नई दिल्ली: जहां लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) से पहले कांग्रेस अभी भी INDIA गठबंधन में आई दरारों को भरने की कोशिश में है। इस बाबत कांग्रेस के बड़े नेता INDIA गठबंधन के साथियों से बातचीत कर अपनी जीतोड़ कोशिश कर रहे हैं।ऐसे में पश्चिम बंगाल में अब सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस और TMC के बीच एक बार फिर बातचीत शुरू हो गई है।   

बंगाल में ‘कांग्रेस-TMC’ का जोड़ा 

लेकिन इस मामले में सूत्रों की खबर है कि, बंगाल में कांग्रेस और TMC मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं।बस इसी बात पर अब पश्चिम बंगाल के कांग्रेस अध्यक्ष व लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी (Adhir Ranjan Chaowdhury) अपनी पार्टी से ही अब नाराज चल रहे हैं। बताया जा रहा है कि उनकी नाराजगी और यह रूखे तेवर ममता बनर्जी के साथ सीट बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत के चलते है।  

अधीर रंजन चौधरी अब खफा 

ऐसी भी खबरें हैं कि, इस मुद्दे को लेकर अधीर रंजन चौधरी सीधे कांग्रेस आलाकमान को ही पार्टी छोड़ने तक की धमकी दे चुके हैं।सूत्रों के अनुसार, गुस्से में उन्होंने यहां तक कहा है कि, अगर TMC के साथ गठबंधन होता है तो वो BJP में भी शामिल हो सकते हैं। उनका यह विद्रोह अब कांग्रेस आलाकमान के लिए बड़ा सिरदर्द बनता दिख रहा है।   

ऐसा हो भी क्यों न बंगाल में अधीर रंजन चौधरी लगातार ममता बनर्जी और TMC पर हमलावर रहे हैं, जिसके बाद कहा जा रहा था कि सूबे में इंडिया गठबंधन का होना फिलहाल मुश्किल है। यहां तक ममता बनर्जी ने भी खुद ऐलान कर दिया था कि वह बंगाल में अब अकेले खुद दम पर ही चुनावी मैदान में उतरेंगी।  

कांग्रेस का बढ़ता सिरदर्द 

हालाँकि इसमें हैरान होने वाली कोई भी बात नहीं है, यह कोई पहली बार नहीं जो कांग्रेस का किसी कदावर नेता का विकेट गिरने जा रहा है। दरअसल बीते 10 सालों में कांग्रेस के कई बड़े नेता पार्टी को छोड़ चुके हैं, जिसमें रीता बहुगुणा जोशी, कैप्टन अमरिंदर सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, गुलाम नबी आजाद, आरपीएन सिंह, बाबा सिद्दीकी, मिलिंद देवड़ा, अशोक चव्हाण, सुष्मिता देव, प्रियंका चतुर्वेदी, जितिन प्रसाद, अशोक तंवर, हार्दिक पटेल, अल्पेश ठाकोर, अशोक चौधरी, हिमंत बिश्व शर्मा, सुनील जाखड़, अश्वनी कुमार जैसे लोग शामिल हैं। अब देखना यह है कि इस लिस्ट में अधीर रंजन चौधरी का भी नाम जुड़ता है या नहीं।  

बंगाल के बाद अब गुजरात कांग्रेस में भी बगावत के सुर 

इसके साथ ही गुजरात में भी INDIA ब्लॉक में अब एक और जबरदस्त घमासान देखा जा रहा है। दरअसल यहां भरूच सीट पर पेच फंसा है। यहां आम आदमी पार्टी ने तो अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। लेकिन अब इस सीट पर कांग्रेस नेताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है। इस मुद्दे पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिवंगत अहमद पटेल के बेटे फैसल अहमद पटेल का बड़ा बयान आया है। दरअसल फैसल ने भरूच सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार उतारने पर जोर दिया है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि अगर यह सीट AAP को दी जाती है तो वो इस अलायंस को समर्थन नहीं करेंगे।

BJP ने खेला अपना दांव 

इधर भरूच सीट पर विवाद के बीच अब BJP बीजेपी ने अहमद पटेल के परिवार को ऑफर दिया है। जी हां, भरूच से बीजेपी सांसद मनसुख वसावा ने कहा, ये कांग्रेस का आंतरिक मामला है। लेकिन मेरा मानना है कि भरूच कांग्रेस के बड़े नेता अहमद पटेल थे। अब वो नहीं है तो उनकी बेटी को ही कांग्रेस को प्रोजेक्ट करना चाहिए था। लेकिन कांग्रेस यहां फिर चूक गई है। अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल अगर राष्ट्रीय विचारधारा के साथ आना चाहेंगी तो BJP में उनका स्वागत है। इस तरह से भरूच सीट पर BJP ने विपक्षी दलों के नेताओं के लिए बातचीत के अब दरवाजे खोल दिए हैं। वहीँ अगर ऐसा कुछ हुआ तो अब बंगाल के बाद गुजरात में भी कांग्रेस को चुनाव में झटका लगना तय है।