Manish Khanduri joins BJP

Loading

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी (Bhuvan Chandra Khanduri) के बेटे मनीष खंडूरी (Manish Khanduri) शनिवार को अपने पिता की पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने एक दिन पहले ही कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। मनीष खंडूरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम की उपस्थिति में सत्तारूढ़ दल की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने शुक्रवार को कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। 

मनीष 2019 में कांग्रेस में शामिल हुए थे। पार्टी ने उन्हें 2019 के आम चुनाव में पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था लेकिन उन्हें भाजपा के तीरथ सिंह रावत से तीन लाख से अधिक मतों से हार का सामना करना पड़ा था। मनीष की बड़ी बहन रितु खंडूरी उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष हैं। वह कोटद्वार से भाजपा विधायक हैं।

उत्तराखंड में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा, ‘‘पार्टी ने उन्हें पूरा सम्मान दिया। उन्हें 2019 के लोकसभा चुनाव में टिकट भी दिया गया था। कई चीजें होती हैं, कई बार परिवार का भी दबाव होता है। उनके पिता भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और उनकी बहन भी उसी पार्टी में हैं। उनकी बहन मौजूदा विधानसभा की अध्यक्ष हैं।” प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष ने इसके पहले कहा था, ‘‘उनके इस्तीफे के वास्तविक कारण का पता उनसे बात करने के बाद ही चल पाएगा।”