PM Modi

Loading

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) अपनी आधिकारिक ग्रीस यात्रा को समाप्त करके अब सीधे बेंगलुरु पहुंचे हैं। जी हां, देश के प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी आज यानी शनिवार को अपनी दो देशों की यात्रा पूरी करने के बाद ग्रीस से सीधे सुबह 6 बजे बेंगलुरु पहुंचे। एयरपोर्ट पर उन्होंने लोगों को 10 मिनट तक संबोधित किया। यहां उन्होंने जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान का नारा लगाया। इसमें अब उन्होंने जय अनुसंधान का नारा भी जोड़ा।

आज इस बाबत उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। PM मोदी ने कहाकि, “मैं ISRO वैज्ञानिकों के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं, जिन्होंने चंद्रयान-3 की सफलता से भारत को गौरवान्वित किया है। उनका समर्पण और जुनून वास्तव में अंतरिक्ष क्षेत्र में हमारे देश की उपलब्धियों के पीछे प्रेरक शक्ति है।”

एयरपोर्ट पर उन्होंने कहा कि, “सूर्योदय की बेला हो और बेंगलुरु का नजारा हो… देश के वैज्ञानिक देश को जब इतनी बड़ी सौगात देते हैं, इतनी बड़ी सिद्धि प्राप्त करते हैं, जो दृश्य मुझे बेंगलुरु में दिखाई दे रहा है, वो मुझे ग्रीस और साउथ अफ्रीका में भी देखने को मिला। आप सुबह-सुबह इतना जल्दी आए, मैं अपने आप को रोक नहीं पा रहा हूँ। मैं दूर विदेश में था। तो मैंने सोच लिया था कि पहले भारत जाऊंगा तो पहले बेंगलुरु जाऊंगा। सबसे पहले उन वैज्ञानिकों से मिलूंगा और उन्हें नमन करूंगा।”

वहीं अब से कुछ देर में PM मोदी ISRO के कमांड सेंटर जाएंगे और वैज्ञानिकों से मिलेंगे। इधर बेंगलुरु के ISRO टेलिमीट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क मिशन कंट्रोल कॉम्प्लेक्स (इस्ट्रैक) के बाहर वैज्ञानिक ​​​​​​आज सुबह 4:30 बजे से ही PM मोदी के इंतजार में खड़े हैं। यहां बड़ी संख्या में पुलिस बल भी आज तैनात है। वहीं मिली जानकारी के मुताबिक, PM मोदी भारत के महत्वाकांक्षी मानवरहित चंद्र मिशन में शामिल वैज्ञानिकों की टीम को संबोधित भी करेंगे। इसके अलावा वे ISRO के भविष्य के प्रयासों पर भी सघन चर्चा करेंगे।