pm-modi

Loading

नई दिल्ली/मास्को: बीते शुक्रवार देर रात जहां रूस (Russia) की राजधानी मॉस्को (Moscow) में IS के हमलावरों ने एक बड़े समारोह स्थल पर अंधाधुंध गोलीबारी की जिसके कारण 140 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हो गए। हमलावरों ने गोलीबारी के बाद समारोह स्थल को आग लगा दी। इस्लामिक स्टेट आतंकवादी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। इस हमले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपना शोक व्यक्त किया है।

सोशल मीडिया ‘X’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने ट्वीट किया, “हम मॉस्को में जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं… दुख की इस घड़ी में भारत रूसी संघ की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।”  

जानकारी दें कि, कुछ दिन पहले ही देश में हुए चुनाव में जीत हासिल कर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सत्ता पर अपनी पकड़ को और मजबूत किया था। वहीँ इस्लामिक स्टेट समूह ने सोशल मीडिया पर संबद्ध चैनलों पर साझा किए गए एक बयान में हमले की जिम्मेदारी लिये हुए अपने एक बयान के जरिए कहा कि उसने मॉस्को के बाहरी इलाके क्रास्नोगोर्स्क में ‘ईसाइयों’ की एक बड़ी सभा पर हमला किया, जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए और घायल हो गए। 

फिलहाल दावे की प्रामाणिकता सत्यापित नहीं की जा सकी है लेकिन एक अमेरिकी खुफिया अधिकारी ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि अमेरिकी खुफिया एजेंसी को पता चला था कि अफगानिस्तान में इस्लामिक स्टेट समूह की शाखा मॉस्को में हमले की योजना बना रही थी और उन्होंने रूसी अधिकारियों के साथ जानकारी साझा की थी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि छापे के बाद हमलावरों का क्या हुआ। इसे रूस में पिछले दो दशक में हुआ सबसे भीषण आतंकी हमला माना जा रहा है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब देश का यूक्रेन के साथ युद्ध तीसरे साल भी जारी है।