टाइम मैगजीन की 100 ‘सबसे प्रभावशाली लोगों’ की सूची में PM नरेंद्र मोदी, ममता बनर्जी और अदार पूनावाला शामिल

    Loading

    न्यूयॉर्क: टाइम पत्रिका (Time Magazine) द्वारा जारी 2021 के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(Narendra Modi), पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आदर पूनावाला (Aadar Poonawalla) शामिल हैं। 

    टाइम ने बुधवार को ‘2021 के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों’ की अपनी वार्षिक सूची का खुलासा किया है। नेताओं की इस वैश्विक सूची में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, ड्यूक और डचेस ऑफ ससेक्स प्रिंस हैरी और मेगन और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शामिल हैं। इस सूची में तालिबान का सह-संस्थापक मुल्ला अब्दुल गनी बरादर भी शामिल है। 

    बता दें कि, टाइम मैगजीन की सूची में पायनियर, आर्टिस्ट, लीडर, आइकन, टाइटन और इनोवेटर यह प्रमुख 6 कैटेगरी होती है।  100 सबसे प्रभावशाली लोगों इन कैटेगिरी में विभाजित किया गया है। हर कैटेगरी में दुनिया भर के व्यक्तित्वों की एक सूची जारी की जाती है। मैगजीन की 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची को सबसे शक्तिशाली और भरोसेमंद सूचियों में से एक माना जाता है। प्रत्येक व्यक्ति को मैगजीन के संपादकों द्वारा उनके असाधारण कार्य के लिए चुना जाता है।  सूची में आने से संबधित व्यक्ति के लिए एक सम्मान माना जाता है।

    ज्ञात हो कि, पिछले साल की टाइम मैगज़ीन के दुनिया के 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शमिल थे। वहीं उस सूची में बॉलीवुड एक्‍टर आयुष्‍मान खुराना, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई, एचआईवी पर रिसर्च करने वाले रविंदर गुप्‍ता और शाहीन बाग धरने में शामिल बिल्किस जैसे भारतीय लोगों के नाम भी शामिल थे।