rahul-gandhi
Pic: ANI

    Loading

    नई दिल्ली/तमिलनाडु. सुबह की बड़ी खबर के अनुसार आज  भारत जोड़ो यात्रा से पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने श्रीपेरंबदुर में राजीव गांधी स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की है। जी हां, आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ (Bharat Jodo Yatra) शुरू करने से पहले बुधवार को यानी आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और एक प्रार्थना सभा में शामिल हुए।

    ‘भारत जोड़ो यात्रा’-एक बड़ा जन आंदोलन 

    गौरतलब है कि, कांग्रेस पार्टी आज कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ (Bharat Jodo Yatra) शुरू करेगी। उक्त ‘भारत जोड़ो यात्रा’ (Bharat Jodo Yatra) के 150 दिनों तक चलेगी, यह यात्रा लगभग 3,500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। भारत जोड़ो 2024 के आम चुनाव से पहले लोगों में जागरूकता पैदा करने और कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए एक बड़ा जन आंदोलन है। वहीं इस भारत जोडो यात्रा के दौरान मार्च, रैलियां और जनसभाएं भी होंगी, जिसमें सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस के अनेकों वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। 

    क्या है आज का कार्यक्रम

    तय कार्यक्रम के अनुसार आज शाम को राहुल गांधी  कन्याकुमारी के समुद्री तट के निकट एक जनसभा को संबोधित करेंगे और इसके साथ इस यात्रा की औपचारिक शुरुआत होगी, हालांकि राहुल गांधी और 118 अन्य ‘भारत यात्री’ आगामी 8सितंबर की सुबह विधिवत पदयात्रा आरंभ करेंगे। वहीं राहुल जनसभा से पहले कन्याकुमारी के ‘गांधी मंडपम’ में एक प्रार्थना सभा में शामिल होंगे। फिर वह एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे जहां तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन उन्हें राष्ट्र ध्वज सौंपेंगे। 

     यात्रा के पहले ये जरुरी काम 

    हालाँकि अपनी यात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी कन्याकुमारी में विवेकानंद रॉक मेमोरियल, तिरुवल्लुवर स्टैच्यू और कामराज मेमोरियल भी जाएंगे। बता दें कि, कांग्रेस की यह पदयात्रा 11 सितंबर को केरल पहुंचेगी और अगले 18 दिनों तक राज्य से होते हुए 30 सितंबर को कर्नाटक पहुंचेगी। यात्रा कर्नाटक में 21 दिनों तक चलेगी और उसके बाद उत्तर की तरफ अन्य राज्यों में भी जाएगी।