धनतेरस 2020 : जानिए क्यों मनाया जाता है धनतेरस का त्यौहार, क्यों खरीदते हैं ये 5 चीजें

Loading

दिवाली (Diwali 2020) से दो दिन पहले ‘धनतेरस’ (Dhanteras) का त्यौहार मनाया जाता है। कार्तिक मास की कृष्ण त्रयोदशी को धनतेरस कहते हैं इसी दिन से दिवाली पर्व की शुरुआत हो जाती है। घर के द्वार पर इस दिन तेरह दीपक जलाकर मां लक्ष्मी का स्वागत किया जाता हैं। धनतेरस के दिन यमराज और भगवान धनवंतरी की पूजा (Dhanvantari puja) का विशेष महत्व है। भारतीय संस्कृति में स्वास्थ्य का स्थान धन से ऊपर माना जाता रहा है। यह कहावत आज भी प्रचलित है कि ‘पहला सुख निरोगी काया, दूजा सुख घर में माया’ इसलिए दीपावली में सबसे पहले धनतेरस को महत्व दिया जाता है।

 

कथाओं के अनुसार समुद्र मंथन के दौरान कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी के दिन भगवान धनवंतरी अपने हाथों में अमृत कलश लेकर प्रकट हुए। आयुर्वेद लेकर प्रकट होने की वजह से भगवान धनवतंरी को औषधि का जनक भी कहा जाता है। धनतेरस के दिन धन के देवता भगवान कुबेर की भी पूजा की जाती है। भगवान कुबेर को लक्ष्मी जी का खजांची कहा जाता है। मान्यता है कि भगवान धनवंतरी विष्णु के अंशावतार हैं। संसार में चिकित्सा विज्ञान के विस्तार और प्रसार के लिए ही भगवान विष्णु ने धनवंतरी का अवतार लिया था। भगवान धनवंतरी के प्रकट होने के उपलक्ष्य में ही धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है। धनतेरस वाले दिन खरीदारी करना बेहद शुभ माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार धनतेरस के दिन जिस वस्तु की खरीदारी की जाएगी उसमें 13 गुणा वृद्धि होती है। साथ ही धनतेरस के दिन इन चीजों को जरूर खरीदना चाहिए जिससे पूरे साल घर में सौभाग्य बना रहता है।

व्यवसाय से संबंधित चीजें

धनतेरस पर आप जिस व्यवसाय से जुड़े हुए है उससे संबंधित चीजें जरूर खरीदनी चाहिए। खरीदे गए इन चीजों का दिवाली के दिन पूजा करने से विशेष लाभ मिलता है।

इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स

धनतेरस के दिन इलेक्ट्रॉनिक चीजों की खरीदारी करना भी शुभ माना जाता है। इस दिन आप मोबाइल फोन, लैपटॉप, ओवन, फ्रिज इत्यादि की खरीदारी कर सकते हैं।

बर्तन

धनतेरस के दिन बर्तन खरीदने की भी मान्यता है। अगर आप इस बात को लेकर थोड़े कंफ्यूज हैं कि किस धातु के बर्तन खरीदें तो आप पीतल के बर्तन खरीद सकते हैं। बर्तन खरीदकर इसे अपने घर की पूर्व दिशा में रखें।

झाड़ू

धनतेरस के दिन झाड़ू की खरीदारी करना बहुत शुभ होता है। ऐसा माना जाता है कि इस दिन झाड़ू खरीदने से घर से जुड़ा आर्थिक संकट दूर होता है। धनतेरस के दिन खरीदे गए झाड़ू को दिवाली के दिन पूजा कर इस्तेमाल करना चाहिए। यह झाड़ू घर से नकारत्मक ऊर्जा और दरिद्रता को दूर करते हैं।

साबुत धनिया

धनतेरस के दिन साबुत धनिया खरीदने से घर में सुख-शांति आती है। दिवाली के दिन मां लक्ष्मी का पूजन करते वक्त इस साबुत धनिया को चढ़ाएं और इसे अपने तिजोरी में रख दें।