थायराइड
थायराइड

    Loading

    -सीमा कुमारी

    आजकल बिगड़ी जीवनशैली और खानपान पर ध्यान न देने की वजह से ज्यादातर लोग थायराइड की समस्या से परेशान हैं। जिसके कारण लोगों को थकान, बालों का झड़ना, वजन का बढ़ना, ठंड लगने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। थायराइड आयोडीन की कमी के कारण हो सकता है। इस बीमारी से निजात पाने के लिए आपको अपनी डाइट का खास देखभाल रखना होगा। तो आइए जानें इससे राहत पाने के लिए किन-किन फूड्स का सेवन करना चाहिए –

    एक्सपर्ट्स के अनुसार, थायरॉइड के मरीजों को जिंक और सेलेनियम युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन अवश्य करना चाहिए। क्योंकि ये दोनों ही तत्व थायरॉइड की समस्या को नियंत्रित करने का काम करते हैं। इनकी प्राप्ति के लिए आप योगर्ट, मौसमी फल और सब्जियों का सेवन करें।

    आप अंडे का भी सेवन कर सकते हैं। अंडे के पीले भाग में आयोडीन और सेलेनियम पाया जाता है, जबकि सफेद भाग में भरपूर मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है। इसके अलावा, आप अनाज, क्विनोआ, चिया बीज, सूरजमुखी के बीजों का सेवन कर सकते हैं।

    कई लोग रोज दवाई खाने से बचने के लिए दवाओं को बीच में ही बंद कर देते हैं। ऐसा नहीं करना चाहिए। दवाई से जुड़ा कोई भी निर्णय लेने के लिए आपको अपने डॉक्टर से जरूर बात करनी चाहिए।

    कच्ची या अधपकी हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे ब्रोकली, पालक, फूलगोभी में एंटी-थायराइड और गोइट्रोजेनिक (goitrogenic) गुण होते हैं। जो थायराइड में हानिकारक हो सकते हैं। दरअसल, ये सभी क्रुसिफेरस सब्जियां( ब्रोकली, फूलगोभी, पत्तागोभी) फाइबर और अन्य पोषक तत्वों से भरी होती हैं। बावजूद इसके आयोडीन की कमी होने पर ये थायराइड हार्मोन के उत्पादन को कम कर सकती हैं।

    हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, जंक फूड का सेवन भी आपको नहीं करना चाहिए। इसके अलावा अधिक प्रोसेस्ड फूड जैसे हॉट डॉग, केक, कुकीज भी नही खानी चाहिए। प्रोसेस्ड फूड में सोडियम की मात्रा बहुत ज्यादा पाई जाती है। अत्यधिक मात्रा में इसका सेवन करने से थायराइड के रोगियों पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है।