local train accident
Representative Photo

  • सरकार पर टिकी निगाहें

Loading

मुंबई. पिछले साढ़े 9 माह से आम लोगों के लिए मुंबई लोकल ट्रेन (Local Train) के दरवाजे बंद हैं। अनलॉक (Unlock) के बाद से ही आम यात्री (Passenger) लोकल खुलने का इंतजार कर रहे हैं। पिछले शुक्रवार को मुंबई हाई कोर्ट (High Court) में एक याचिका पर सुनवाई के दौरान राज्य सरकार (State Government) की ओर से आम लोगों के लिए जल्द लोकल ट्रेन शुरू किए जाने का निर्णय (Decision) लिए जाने संबंधी निर्देश दिया गया था। 

इस मामले में फिर हाईकोर्ट में मंगलवार को सुनवाई होनी है। बताया गया है कि आम लोगों की लोकल ट्रेन की यात्रा को लेकर राज्य सरकार मंगलवार को निर्णय ले सकती है। 

यात्रा की परमिशन तत्काल मिलनी चाहिए : नंदकुमार देशमुख 

उपनगरीय यात्री संगठनों ने भी अब सभी के लिए मुंबई लोकल शुरु करने को लेकर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। उपनगरीय रेलवे प्रवासी एकता महासंघ के अध्यक्ष नंदकुमार देशमुख ने कहा कि रात्रि 10 बजे से सुबह 7 बजे तक ही नहीं, बल्कि हर समय आम लोगों के लिए लोकल में यात्रा की परमिशन तत्काल मिलनी चाहिए। वैसे नए वर्ष में 1 जनवरी से ही सभी के लिए लोकल शुरू किए जाने का विचार सरकार कर रही थी, परंतु अचानक कोरोना के नए स्ट्रेन के खतरे को देखते हुए लोकल में सभी लोगों को परमिशन देने का निर्णय टाल दिया गया।  बार काउंसिल ऑफ महाराष्ट्र और गोवा की ओर से हाई कोर्ट में एड. मिलिंद साठे और एडवोकेट उदय वरुंजिकर की जनहित याचिका पर मुख्य न्यायाधीश दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति गिरीश कुलकर्णी की पीठ ने राज्य सरकार से पुछा है कि आम लोगों को लोकल में कब परमिशन मिलेगी। सरकार इस मामले में मंगलवार को निर्णय ले सकती है।

लोकल में बढ़ी है भीड़

कोरोना के चलते पिछले साढ़े 9 माह से आम लोगों के लिए लोकल बंद है, जबकि अत्यावश्यक सेवाओं में लगे कर्मचारियों, नॉन पिक आवर में महिलाओं और अन्य नामित यात्रियों को मुंबई लोकल में यात्रा  की छूट दी गई है। मध्य और पश्चिम रेलवे पर 90 फीसदी लोकल चल रही है। इस समय मज़बूरी में बड़ी संख्या में आम लोग भी लोकल में यात्रा कर रहे हैं। कई आम लोगों को तो स्टेशन पर उनकी पत्नियां या अन्य महिलाएं टिकट निकाल कर दे देती हैं। एक यात्री ने कहा कि मुंबई में लोकल से ही यात्रा सुलभ है। बिना टिकट पकडे जाने पर लोग दंड की राशि भर रहे हैं। स्टेशनों पर प्रवेश को लेकर अब पहले की तरह सख्ती नहीं हो रही है।

20 से 22  लाख  लोग कर रहे  यात्रा

इस समय मुंबई लोकल से 20 से 22 लाख लोग यात्रा कर रहें हैं। लॉकडाउन के पहले मुंबई लोकल से लगभग 80 लाख लोग रोजाना यात्रा करते थे। यह संख्या मध्य रेलवे पर 45 लाख और पश्चिम रेलवे पर लगभग 35 लाख के करीब थी। इस समय मध्य रेलवे पर 1572 पश्चिम रेलवे पर 1201 सर्विसेज चल रही हैं। हालांकि रेल प्रशासन का कहना है कि दोनों लाइनों पर रोजाना लगभग 15 से 16 लाख लोग सफर कर रहे हैं, जबकि लोकल में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह संख्या 20 लाख के ऊपर बताई जा रही है।