Coronavirus
File Photo

    Loading

    मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोरोना (Corona) बेकाबू हो गया है। राज्य में हर दिन रिकॉर्ड केस सामने आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में राज्य के अंदर 16 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। यह लगातार तीसरा दिन है जब कोरोना के 15 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। इस बात की जानकारी रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने दी है।

    स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रविवार को राज्य में 16,620 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 23,14,413 हो गई है। वहीं पिछले 24 घंटे में कोरोना से 50 लोगों ने अपनी जान गवाई हैं। राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या 52,861 तक पहुंच गई।

    बता दें कि राज्य में पिछली बार 2 अक्टूबर, 2020 को 15,000 से अधिक मामले आए थे, जिसके बाद नए मामलों में गिरावट आई थी। लेकिन पिछले महीने मामलों में तेज उछाल आया।

    गौरतलब है कि राज्य में बुधवार को 13,659, गुरुवार को 14,317, शुक्रवार को 15,817 और शनिवार को 15,062 मामले सामने आए है।

    स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में फिलहाल 1,26,231 मरीजों का इलाज चल रहा है। जबकि रविवार को 8861 लोग कोरोना मुक्त हुए हैं। राज्य में अब तक 21,34,072 लोगों ने कोरोना को मात दी है।

    राज्य में स्वस्थ होने की दर 92.21 फीसदी है जबकि मृत्यु दर 2.28 फीसदी है। विभाग ने एक बयान में कहा कि महाराष्ट्र में फिलहाल 1,26,231 मरीज उपचाराधीन हैं। रविवार को 1,08,381 नमूनों की जांच की गई। सामने आए नए मामलों में मुंबई के 1963 मामले, पुणे के 1780, औरंगाबाद के 752, नांदेड़ के 351, पिंपरी-चिंचवाड के 806, अमरावती के 209 और नागपुर के 1,979 मामले शामिल हैं।

    वहीं, महाराष्ट्र में शनिवार को 1156 केंद्रों पर 1.29 लाख से अधिक लोगों को कोविड-19 टीके की खुराक दी गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 जनवरी से शुरू हुए टीकाकरण अभियान के बाद 13 मार्च तक राज्य के कुल 28,19,888 लाभार्थियों को टीका लगाया गया है।