कोरोना मामलों में कमी के चलते महाराष्ट्र के हवाई अड्डों से मुंबई पहुंचने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर, नहीं दिखानी पड़ेगी RT-PCR रिपोर्ट

    Loading

    मुंबई: महाराष्ट्र (Maharashtra Corona Updates) में कोरोना का कहर अब कम होता दिख रहा है। कोविड (COVID-19) से संक्रमित मामले लगातार कम हो रहे हैं। इससे पहले महाराष्ट्र में कोरोना के सिर्फ 15 हजार नए मामले दर्ज हुए हैं। यह संख्या 15 मार्च के बाद सबसे कम हैं। इसी बीच हवाई यात्रा कर मुंबई एयरपोर्ट (Mumbai Airport) के जरिए मायानगरी आने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर सामने आ रही है। दरअसल इन यात्रियों को अब आरटी-पीसीआर रिपोर्ट नहीं दिखाना पड़ेगा।

    ज्ञात हो कि मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के अन्य हवाई अड्डों से आने वाले घरेलू यात्रियों को शहर में उतरने पर आरटी-पीसीआर रिपोर्ट दिखाने से छुट दी गई है। वैसे महाराष्ट्र के लिए अच्छी खबर यह है कि कोविड के मामलों में कमी आयी है। सोमवार को राज्य में कोरोना के 15077 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 184 लोगों की मौत हुई है। साथ ही 33 हजार लोग अस्पताल में कोविड का इलाज कराकर ठीक हुए हैं। सूबे में मौजूदा समय में कोरोना के 2 लाख 53 हजार 367 सक्रिय केस हैं। 

    बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने अपने एक आदेश में कहा कि मुंबई हवाई अड्डे के अधिकारी यात्रियों पर आरटी-पीसीआर रिपोर्ट दिखाने पर अब जोर नहीं दिया जाएगा। साथ ही नए नियम को तुरंत लागू किया गया है।  दूसरी तरफ महाराष्ट्र में लॉकडाउन को 15 दिनों के लिए सरकार ने बढ़ा दिया है।  मुंबई से अच्छी खबर यह भी है कि मुंबई में रिकवरी रेट अब 94 फीसदी पहुंच गया है।