नारायण राणे का खुलासा, जयंत पाटिल भी आज बीजेपी में होते अगर….

Loading

मुंबई. बीजेपी नेता नारायण राणे ने दावा किया है कि, “अगर राज्य में महाविकास अघाड़ी सरकार नहीं बनती, तो राष्ट्रवादी के जयंत पाटिल आज भारतीय जनता पार्टी में होते।” राणे रत्नागिरी ने एक पत्रकार परिषद में बोल रहे थे। 

कुछ दिनों पहले जयंत पाटिल ने नारायण राणे की आलोचना की थी। इसी आलोचना पर पलटवार करते हुए राणे ने पाटिल को निशाना बनाया है। उन्होंने कहा, “यदि महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी की सरकार बनी नहीं होती, तो आज जयंत पाटिल बीजेपी में होते। बीजेपी के कुछ वरिष्ठ नेताओं से इस बारे में चर्चा भी हो चुकी थी। और मैं इस्लामपुर जाकर इसकी पोल खोल करूंगा।”

गौरतलब है कि, दो दिनों पहले महाविकास अघाड़ी के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में खड़े उम्मीवार के प्रचार के दौरान जयंत पाटिल ने राणे की आलोचना की थी। पाटिल ने कहा था कि, “जंग लगी बंदूक से निकली गोलियों को जवाब नहीं देना पड़ता। बीजेपी यह कहकर लोगों के मन में भ्रम पैदा कर रही है कि, महाविकास अघाड़ी सरकार गिर जाएगी। हालाँकि, हमने एक साल पूरा कर लिया है। इसलिए, राणे की आलोचना को गंभीरता से लेने की आवश्यकता नहीं है।”