करुण नायर: टेस्ट में लगा चुके हैं ‘ट्रिपल सेंचुरी’, दो बार दे चुके हैं मौत को मात

    Loading

    नई दिल्ली: भारतीय टीम के शानदार प्लेयर करुण नायर (Karun Nair Birthday) का आज यानी 6 दिसंबर को जन्मदिन है। वह एक बेहतरीन बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपने करियर में टेस्ट मैच (Test Match) में ट्रिपल सेंचुरी (Triple Century) लगाई थी। नाबाद 303 रन की पारी खेलकर उन्होंने शोहरत बुलंदियां हासिल की थी। उस समय कहा जाने लगा कि नायर भारतीय क्रिकेट (Indian Cricket) के भविष्य का एक उभरते हुए सितारे रहेंगे। हालांकि, कुछ ही महीनों बाद ही वह ख़राब फॉर्म से गुजरने लगे थे, जिसके बाद वह टीम में अपनी जगह नहीं बना पाए थे। 

    करुण नायर मूल रूप से केरल के रहने वाले जिनका जन्म आज ही के दिन 6 दिसंबर 1999 को राजस्थान के जोधपुर में हुआ था। बाद में उनका परिवार कर्नाटक चला गया था। वह घरेलू क्रिकेट कर्नाटक की तरफ से खेलते हैं। अपने करियर में उन्होंने अब तक सिर्फ 2 वनडे और 6 टेस्ट मुकाबले खेले हैं। जिसमें उन्होंने क्रमश: 46 और 374 रन बनाए हैं। उन्होंने साल 2016 के जून में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने ODI अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। वहीं साल 2016 के नवंबर में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में अपना पहला डेब्यू मैच खेला था। 

    करुण नायर दो बार मौत को भी मात दे चुके हैं। मौत को पहली शिकस्त उन्होंने पैदा होते ही दी थी। दरअसल, नायर प्री-म्योचोर बेबी थे। उनका जन्म 8 महीने की प्रेगनेंसी में ही हो गया था। जिसकी वजह से उन्हें बचपन में काफी दिक्कतों का सामना किया था। क्योंकि उस समय उनके फेफड़ों की क्षमता काफी कम थी। डॉक्टर ने उन्हें शारीरिक मेहनत करने की सलाह दी थी। इसी वजह से उनके पिता ने उन्हें क्रिकेट से रू-ब-रू करवाया था। 10 साल की उम्र में उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। 

    वहीं इसके बाद नायर ने दूसरी बार मौत को चकमा साल 2016 में दिया था। जब वह एक नाव दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। केरल में नाव दुर्घटना में वह डूबने से बचे थे। उन्हें तैरना भी नहीं आता था। नायर ने बताया था कि वह पामा नदी में एक धार्मिक समारोह के दौरान नाव में बैठे थे, लेकिन तभी नाव डूब गई। उसके बाद उन्हें कुछ लोगों ने बचा लिया था।