Jyothi Yarraji

Loading

रांची. बाधा दौड़ की स्टार धाविका ज्योति याराजी ने फेडरेशन कप एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में गुरुवार को यहां महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में शीर्ष स्थान के साथ इस प्रतियोगिता में अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता। बुधवार को महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में मीट रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाली आंध्र की ज्योति ने 23.42 सेकंड के समय के साथ 200 मीटर में शीर्ष स्थान हासिल किया।

उन्होंने इस दौरान 12 से 16 जुलाई तक होने वाली एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का क्वालिफिकेशन समय भी हासिल किया। इसका क्वालिफिकेशन समय 23.50 सेकंड है। इस चैम्पियनशिप के लिए हालांकि उनके चयन की पुष्टि बाद में होगी।

महाद्वीपीय चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का चयन एएफआई (भारतीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप) की चयन समिति द्वारा एथलीटों की पदक संभावनाओं सहित विभिन्न कारकों को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। इस स्पर्धा में तमिलनाडु की अर्चना सुसींद्रन  23.61 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रही।

असम के अमलान बोरगोहेन ने पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में 20.83 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक जीता। वह हालांकि एएफआई की एशियाई चैंपियनशिप के 20.61 सेकंड के क्वालीफिकेशन समय को हासिल करने से चूक गये। अंतरराष्ट्रीय भाला फेंक खिलाड़ी रोहित यादव ने भी गुरुवार को प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने 83.40 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता। उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 82.54 मीटर था। मनु डीपी ने 82.95 मीटर की दूरी के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

पांच एथलीटों ने महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में एएफआई के एशियाई चैंपियनशिप के दो मिनट 05.74 सेकंड से कम समय लिया। इस दौड़ को दिल्ली की चंदा ने जीता। सुबह के सत्र में उत्तर प्रदेश के लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। वह इस आयोजन में 10,000 मीटर दौड़ में भी पीला तमगा हासिल कर चुके है। (एजेंसी)