
नई दिल्ली. दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके (Govindpur Area) में शनिवार को एक हुक्का बार में फायरिंग (Firing) की घटना में एक नाबालिग लड़के की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस कर्मियों ने मृतक की पहचान 17 वर्षीय कुणाल के रूप में की है। जबकि घायल युवक का नाम राहुल है। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में अपराह्न सवा तीन बजे कालकाजी पुलिस थाने में फोन आया। उसने बताया कि पुलिस गोविंदपुरी एक्सटेंशन में घटनास्थल पर पहुंची जहां एक इमारत की पहली मंजिल पर गुपचुप तरीके से एक हुक्का बार चलाया जा रहा था। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) राजेश देव ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने फर्श पर खून देखा।
Delhi | A minor boy allegedly shot dead at a hookah bar in Govindpuri area after firing and stabbing took place there. Police team present at the spot. Investigation is underway. Details awaited. pic.twitter.com/oboOqpEy9N
— ANI (@ANI) May 6, 2023
देव ने बताया कि मृतक की पहचान कुणाल (17) के रूप में की गयी है और उसके सिर पर गोली लगने का घाव था तथा उसे एम्स ट्रामा सेंटर ले जाया गया। उन्होंने बताया कि जब पुलिस अस्पताल पहुंची तो उसे पता चला कि कुणाल को मृत घोषित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि राहुल नाम के व्यक्ति को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसके पैर में घाव है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि हुक्का बार में जन्मदिन पार्टी का आयोजन किया गया था और इसमें शामिल हुए ज्यादातर लोग नाबालिग थे। पुलिस ने बताया कि एक नाबालिग संदिग्ध की पहचान की गयी है। मामले की जांच की जा रही है। (एजेंसी इनपुट के साथ)