raisen-accident

Loading

नई दिल्ली/रायसेन. मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) से मिली एक दिलदहलाने वाली खबर के अनुसार, यहां के रायसेन (Raisen) जिले के सुल्तानपुर (Sultanpur) शहर में बिते सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने कई बारातियों को टक्कर मार दी जिससे 6 लोगों की मौत हो गई और वहीँ 10 अन्य घायल हुए हैं। दरअसल इस 12 टायर वाले ट्रॉले ने सड़क पर बारात के लगभग दो दर्जन लोगों को कुचल डाला। इस घटना से इलाके में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार यह घटना तब हुई जब होशंगाबाद जिले के आंचलखेड़ा से सुल्तानपुर के खमरिया गांव पहुंचे बारातियों को सड़क पर गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सीधे ही टक्कर मार दी। घटना रात करीब 10 बजे के आस पास हुई । कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे ने जानकारी दी कि, एक अनियंत्रित ट्रॉली के बारात में घुसने से 6 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य लोग घायल हैं।

इधर मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग देर रात भोपाल एम्स में भर्ती गंभीर घायलों का हाल-चाल जानने पहुंचे। अस्पताल पहुंचने के बाद मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि, AIIMS रेफर किये गये पांच घायलों में से तीन की हालत खतरे से बाहर है। वहीं एक को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। AIIMS के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम घायलों की स्थिति को लगातार मॉनिटर कर रही है। दुर्भाग्यवश अति गंभीर रूप से घायल एक नागरिक को नहीं बचाया जा सका है। 

घटना पर सुल्तानपुर थाना प्रभारी रजत सराठे ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। उनके  हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों में पांच की हालत गंभीर है और उन्हें भोपाल रेफर किया गया है। कलेक्टर ने कहा कि रात करीब 10 बजे हुई दुर्घटना की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। घटना पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।