EVM Machine Broken by Ax in Nanded, Maharashtra
EVM मशीन क्षतिग्रस्त (फोटो: सोशल मीडिया)

महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक युवक ने मतदान केंद्र पर कुल्हाड़ी से EVM मशीन फोड़ी। उसने किसान और मजदूर समर्थक सरकार की मांग की है।

Loading

छत्रपति संभाजीनगर. लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) के दूसरे चरण में महाराष्ट्र (Maharashtra) की आठ सीटों पर शुक्रवार को मतदान समाप्त हो गया है। राज्य में शाम 5 बजे तक 53.51 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इसी बीच नांदेड़ में एक युवक ने मतदान केंद्र पर कुल्हाड़ी से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) फोड़ दी, जिससे केंद्र पर हड़कंप मच गया।

पुलिस के मुताबिक यह घटना रामपुरी की है, जहां वोट डालने आए 26 वर्षीय भैयासाहेब एडके ने EVM मशीन को कुल्हाड़ी से फोड़ दिया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अधिकारी ने कहा कि भैयासाहेब एडके रामपुरी बूथ का एक पंजीकृत मतदाता है। वह अपना वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पर आया था, लेकिन उसने कुल्हाड़ी से EVM को फोड़ दिया। जिससे मतदान बाधित हो गया। चुनाव अधिकारीयों ने तुरंत टूटी हुई EVM मशीन को बदलकर नई मशीन लगाई और मतदान प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस ने युवक की इस हरकत के पीछे के मकसद को जानने के लिए जांच शुरू कर दी है। नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीकृष्ण कोकाटे ने कहा, “उस व्यक्ति का कहना है कि वह किसान और मजदूर समर्थक सरकार चाहता है। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या वह व्यक्ति किसी राजनीतिक दल से जुड़ा हुआ है। वह अच्छी तरह से शिक्षित है और उसने कानून और पत्रकारिता की पढाई की है।”