Aurangabad Electric Buses

    Loading

    औरंगाबाद: औरंगाबाद स्मार्ट सिटी ने शहर में 35 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए संबंधित एजेंसियों को एलओए (लेटर ऑफ अवार्ड) दिया है। इससे शहर में अगले 6 माह में यानी अप्रैल 2023 तक 15 बसेस और जुलाई के अंत तक कुल 35 इलेक्ट्रिक बसेस नागरिकों की सेवा के लिए शुरू की जाएंगी। औरंगाबाद स्मार्ट सिटी (Aurangabad Smart City) ने केंद्र और राज्य सरकारों की वाहन नीति (Vehicle Policy)  के अनुसार डीजल की लागत बचाने और पर्यावरण के संरक्षण के लिए इलेक्ट्रिक बसें खरीदने का महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यह जानकारी औरंगाबाद महानगरपालिका के कमिश्नर डॉ. अभिजीत (Aurangabad Municipal Commissioner Dr. Abhijit Choudhary) ने आयोजित प्रेस वार्ता में दी। 

    उन्होंने बताया कि हैदराबाद बेस एजेंसी ईवी ट्रान्स प्रा. लि. यह कंपनी शहर में इलेक्ट्रिक बस चलाने का संचालन करेगी। यह कंपनी इन दिनों पुणे में इलेक्ट्रिक बस चला रही हैं। आगामी एक माह के भीतर स्मार्ट सिटी के साथ 35 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद, संचालन और रखरखाव के लिए ईवी ट्रांस प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। 

    डीजल की लागत और पर्यावरण को बचाने की कवायद

    औरंगाबाद महानगरपालिका कमिश्नर डॉ. अभिजीत चौधरी ने  बताया कि स्मार्ट सिटी ने पर्यावरण के संरक्षण और केंद्र और राज्य सरकारों की वाहन नीति के अनुसार डीजल पर लागत बचाने के लिए इलेक्ट्रिक बसों को खरीदने का फैसला किया था। तदनुसार, निविदा मार्च 2022 में जारी की गई थी। तकनीकी मूल्यांकन के तहत जुलाई माह में शहर में इलेक्ट्रिक बसों का फील्ड ट्रायल किया गया था। औरंगाबाद स्मार्ट सिटी जीसीसी यानी सकल लागत अनुबंध सिद्धांत पर ईवी ट्रांस प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता करेगा। इसमें एजेंसी बसों की खरीद, बस सेवाओं के संचालन, उन्हें बनाए रखने के लिए जिम्मेदार होगी और यात्री किराए से सभी राजस्व स्मार्ट सिटी में जाएगा और स्मार्ट सिटी को 59 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से कंपनी को  भुगतान करना होगा।

    2019 में शुरू की थी औरंगाबाद स्मार्ट सिटी ने माई स्मार्ट बस सेवा 

     चौधरी ने गुरुवार को कहा कि यह समझौता मूल रूप से दस साल के लिए है और उसके बाद उस समय की स्थिति के आधार पर इसे और 2 साल के लिए बढ़ाया जा सकता है। 2019 में औरंगाबाद स्मार्ट सिटी ने 100 डीजल बसों के साथ माई स्मार्ट बस सेवा शुरू की। इस बस सेवा का अब तक डेढ़ करोड़ लोग लाभ उठा चुके हैं। डीजल और इलेक्ट्रिक बसों सहित कुल 135 बसों का बेड़ा शहर में नागरिकों की सेवा में रहेगा। सिटी बस विभाग के प्रमुख राम पवनिकर, उप प्रबंधक मुकुंद देव और सहायक परियोजना प्रबंधक ऋषिकेश इंगले इस परियोजना पर काम कर रहे हैं।