Public awareness campaign fortnight by Congress in rural areas against inflation

    Loading

    औरंगाबाद : देश की जनता महंगाई (Inflation) से त्रस्त हो चुकी है। कांग्रेस पिछले कई सालों से विविध आंदोलन (Agitating) के माध्यम से केंद्र सरकार (Central Government) को महंगाई कम करने के लिए आंदोलन कर रही है। इसके बावजूद केंद्र  की मोदी सरकार के कान पर जूं नहीं रेंग रही है।  ऐसे में कांग्रेस पार्टी ने राज्य के  गांव-गांव में पहुंचकर जनता को साथ लेकर महंगाई के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। उस निर्णय के तहत पूरे महाराष्ट्र में 14 से 29  नवंबर के दरमियान जनजागरण अभियान पखवाडा मनाया जाएगा। यह जानकारी कांग्रेस पार्टी के ग्रामीण प्रभारी और विधायक शिरीष  चौधरी, शहर के समन्वयक मुजाहेद खान,  औरंगाबाद ग्रामीण के जिलाध्यक्ष डॉ. कल्याण काले ने आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

    उन्होंने बताया कि अभियान का शुभारंभ 14 नवंबर को पदयात्रा  निकालकर किया जाएगा। पदयात्रा के माध्यम से बढ़ती महंगाई के खिलाफ जनता में जनजागृति की जाएगी। पदयात्रा में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, जिला प्रभारी और जिले के प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे। जनजागरण पखवाडा के दरमियान कांग्रेस पदाधिकारी और  कार्यकर्ता गांव में पहुंचकर रात में वहीं मुकाम करेंगे। देर शाम से रात तक लोगों में पिछले 7 सालों में देश में आसमान छू रही महंगाई से जनता को अवगत करायेंगे। उसके लिए नुक्क्ड़ सभाओं के अलावा शाम 6 से 7 बजे के दरमियान गांव में प्रभात  फेरी निकालकर जनता से संवाद साधा जाएगा। केंद्र सरकार के गलत नीतियों से बढ़ रही महंगाई से जनजा को अवगत कराया जाएगा। मोदी सरकार के काल में महंगाई किस तरह बढ़ी, यह आंकडों के साथ जनता को समझाया जाएगा। उसके लिए बैनर, होर्डिंग, सूचना पत्रक बांटे जाएंगे। 

    चुनिंदा लोगों के फायदे के लिए आम आदमी को किया जा रहा त्रस्त 

    एक तरफ जनता बेरोजगारी से परेशान है। वहीं, दूसरी तरफ देश के चुनिंदा लोगों के फायदे के लिए आम आदमी को पेरशान करने का आरोप कांग्रेस नेताओं ने लगाया। प्रेस वार्ता में कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि साल 2014 में पेट्रोल के दाम 60 रुपए थे, जो आज 112 रुपए पर पहुंच गए हैं। सीमेंट के बैग के  दाम 195 रुपए था, आज वह 410 रुपए पर पहुंचा है। स्टील प्रति टन का दाम 3600 रुपए था, जो आज 6 हजार 500 रुपए पर पहुंचा है। गैस सिलेंडर 7 साल पूर्व 450 रुपए पर था, आज वह 950 रुपए में पहुंचा है। महंगाई के चलते महिलाओं के समक्ष घर चलाना मुश्किल हो रहा है। केंद्र सरकार को जगाने के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा राज्य भर में जनजागरण अभियान पखवाडा मनाया जाएगा। प्रेस वार्ता में प्रदेश सेवा दल के प्रदेशाध्यक्ष विलास औताडे, वरिष्ठ नेता प्रकाश मुगदिया, पूर्व शहराध्यक्ष नामदेव पवार, पूर्व मेयर अशोक सायन्ना, पूर्व नगरसेवक भाउसाहाब जगताप, किरण पाटिल डोणगांवकर, प्रदेश अल्पसंख्याक विभाग के मराठवाड़ा अध्यक्ष हमद चाउस आदि उपस्थित थे।