महाराष्ट्र में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका ने बढ़ाई उद्धव सरकार की टेंशन, मुंबई सहित इन 7 जिलों में कोविड की पॉजिटिविटी रेट में हुआ इजाफा

    Loading

    मुंबई: देश में कोरोना (COVID-19 Pandemic) की रफ्तार फिर बढ़ गई है। कोविड के मामले बढ़ने से तीसरी लहर का खतरा बढ़ गया है। कोरोना का शुरू से ही महाराष्ट्र (Maharashtra Corona Updates) में तांडव देखने को मिला है। इसी बीच सूबे के मुंबई (Mumbai), पुणे (Pune) सहित सात जिलों में कोविड के मामले बढ़ने से उद्धव सरकार (Uddhav Govt) की चिंता बढ़ गई है। साथ ही राज्य में कोरोना की तीसरी लहर का खतरा अब बढ़ गया है। 

    ज्ञात हो कि कोविड के मामले बढ़ने के कारण राज्य सरकार इसे रोकने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रही है। हालांकि सरकार को ऐसा लग रहा है कि इन सात जिलों में कोरोना के मामले का इजाफा होना तीसरी लहर का कारण बन सकते हैं। पिछले 10 दिनों में कोरोना के मामलों में कोई गिरावट देखने को नहीं मिली है। पुणे और अहमदनगर सहित कुछ जिलों में कोरोना पॉजिटिविटी रेट 6 फीसदी से अधिक रहा है। 

    पुणे-सतारा, अहमदनगर, सहित 7 जिलों को सरकार ने ‘डिस्ट्रिक्ट ऑफ कंसर्न’ में रखा-

    वहीं मुंबई की बात करें तो यह संक्रमण के मामले में टॉप पांच में शामिल है। सूबे में कुल 50 हजार से अधिक सक्रिय कोविड के मामले 90.61 फीसदी सिर्फ 10 जिलों से सामने आए हैं। जिनमें से अधिकतर पुणे, ठाणे, सतारा, अहमदनगर और मुंबई से है। राज्य सरकार ने पुणे-सतारा, अहमदनगर, सोलापुर, सांगली, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग को ‘डिस्ट्रिक्ट ऑफ कंसर्न’ में रखा हुआ है। 

    गौर हो कि महाराष्ट्र में इससे पहले कोरोना के 4 हजार 507 नए मामले दर्ज हुए हैं। साथ ही 5 हजार 916 लोग इलाज के बाद ठीक हुए हैं। जबकि 67 लोगों की जान कोविड के कारण हुई है। राज्य में मौजूदा समय में 50 हजार से अधिक कोरोना के सक्रिय केस हैं। राहत की बात यह है कि अस्पताल में इलाज के बाद अबतक 62,94, 767 लोग रिकवर हुए हैं। इस खतरनाक वायरस की चपेट में आने से 1 लाख 37 हजार 774 लोगों की जान चली गई है। 

    महाराष्ट्र में पिछले 3-4 दिनों में कोरोना के मामले लगातार बढ़े-

    महाराष्ट्र में पिछले 3-4 दिनों से कोरोना के मामले बढ़ें हैं। जिसके कारण तीसरी लहर का खतरा बढ़ा है। दो सितंबर को भी 4,342 मामले राज्य में सामने आए थे। सूबे में तीन सितंबर को कोरोना के 4 हजार 313 नए केस दर्ज हुए थे। जबकि 92 लोगों की मौत हुई थी। 

    सरकार ने रखा है 2 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य-

    राज्य में शनिवार को कोरोना के 4,130 नए मामले सामने आए थे। मुंबई की बात करे तो यहां भी 413 केस दर्ज हुए थे। साथ ही पुणे में 218 मामले रिपोर्ट हुए थे। शनिवार को 12.25 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। उद्धव सरकार ने सितंबर महीने में 2 करोड़ लोगों के टीकाकरण करने का टारगेट रखा हुआ है। जिसके तहत रोजाना 7 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण करने की जरुरत है।