Nitesh Rane and Manoj Jarange

Loading

मुंबई. मराठा आरक्षण (Maratha Reservation) के लिए आंदोलन कर रहे मनोज जरांगे (Manoj Jarange) ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) पर उनकी हत्या कराने का प्रयास करने का आरोप लगाया। जिसके बाद से राज्य की राजनीति गरमाई हुई है। इसी बीच भाजपा विधायक नितेश राणे ने जरांगे पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मनोज जरांगे राजनीतिक बयान दे रहे हैं और उद्धव ठाकरे और शरद पवार की भाषा बोल रहे हैं।

राणे ने कहा, “मनोज जरांगे पाटिल ने डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस के लिए जिस भाषा का इस्तेमाल किया वह उचित नहीं है, उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। सरकार ने मराठों को आरक्षण दिया है और मराठा समुदाय डिप्टी सीएम के लिए इस्तेमाल की गई भाषा को स्वीकार नहीं करेगा। मनोज जरांगे राजनीतिक बयान दे रहे हैं और उद्धव ठाकरे और शरद पवार की भाषा बोल रहे हैं। अगर कोई कानून व्यवस्था बिगाड़ना चाहेगा तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

राणे ने कहा, “अगर कोई व्यक्ति मराठा समुदाय को बदनाम करेगा तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देवेंद्र फड़णवीस मराठा समुदाय के साथ है। फडणवीस को मुश्किल में डालने के लिए 100 जन्म लेने पड़ेंगे। जरांगे के सहयोगियों का कहना है कि वह पवार के करीबी हैं। ऐसे में क्या यह ‘तुतारी’ का आवाज है?” 

क्या बोले जरांगेगौरतलब है कि जरांगे ने रविवार को जालना जिले के अंतरवाली सरती गांव में आरोप लगाया कि फडणवीस उनकी “हत्या करने” की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वह मुंबई तक मार्च करेंगे और उप मुख्यमंत्री के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया था कि उन्हें ‘सलाइन’ के जरिए जहर देने की कोशिश की गई थी, हालांकि उन्होंने इस बारे में विस्तार से नहीं बताया। लेकिन उनके आरोपों से महाराष्ट्र की राजनीति गरमाई हुई है।