manoj-jarange-patil-allegations-on-devendra-fadnavis-poison-maratha-reservation
देवेन्द्र फडणवीस-मनोज जरांगे पाटिल

Loading

मुंबई: मराठा नेता मनोज जरांगे पाटिल (Manoj Jarange) ने रविवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadanvis) पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस ने मुझे सलाइन में जहर देकर मारने और मेरे साथ एनकाउंटर करने की साजिश की थी। उन्होंने यह भी कहा कि देवेन्द्र फड़नवीस तुम मुझे मार डालो, लेकिन मैं झूठे आरोप बर्दाश्त नहीं करूंगा। मराठा आरक्षण के लिए आंदोलन कर रहे नेता ने फडणवीस को चुनौती देते हुए कहा है कि मैं तुम्हें जिंदगी से हमेशा के लिए निकाल दूंगा।

मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने रविवार को आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण के लिए समुदाय के विरोध प्रदर्शन को विफल करने के वास्ते महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सााजिश रच रहे हैं। जालना जिले के अंतरवाली सरती गांव में एक सभा को संबोधित करते हुए जरांगे ने दावा किया कि फडणवीस उनकी छवि खराब करने के लिए लोगों को एकत्र करने के अलावा उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। 

मराठों का दबदबा खत्म करने की कोशिश 

मनोज जरांगे ने कहा कि महाराष्ट्र में एक बार फिर मराठों का दबदबा है। उनका सपना इस दबदबे को खत्म करना है। खास बात यह है कि इस दबदबा को खत्म करने का काम मराठों के हाथों से चल रहा हैं। इसमें एकनाथ शिंदे दो-चार लोग हैं और अजित पवार के भी दो विधायक हैं। 

सलाइन से जहर देने की कोशिश

जरांगे ने कहा कि मराठों पर 10 फीसदी आरक्षण थोपा जा रहा है। चूंकि मनोज जरांगे बात नहीं मान रहे हैं, इसलिए उन्हें खत्म करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मनोज जरांगे को बदनाम करने या फिर मनोज जरांगे को भूख हड़ताल पर मरवाने की कोशिश की जा रही है। मुझे सलाइन में जहर देकर मारने का विचार किया जा रहा है। इसलिए मैंने कल रात सलाइन बंद कर दी। मेरा एनकाउंटर करना है ऐसा फडणवीस का सपना है।

मेरी छवि खराब करने की कोशिश

जालना जिले के अंतरवाली सरती गांव में एक सभा को संबोधित करते हुए जरांगे ने दावा किया कि फडणवीस उनकी छवि खराब करने के लिए लोगों को एकत्र करने के अलावा उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। जरांगे ने कहा, ‘‘पिछले साल जालना में विरोध प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज को लेकर फडणवीस को माफी मांगनी पड़ी थाी जिससे उन्हें गहरा दु:ख पहुंचा, इसलिए वह मराठा आरक्षण की मांग को लेकर जारी विरोध को विफल करने की कोशिश कर रहे हैं।”

फडणवीस चला रहे सरकार 

उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे या उपमुख्यमंत्री अजित पवार नहीं, बल्कि फडणवीस चला रहे हैं। कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि फडणवीस राज्य में मराठों को धमकाने की कोशिश कर रहे हैं और यह कदम उनके लिए नुकसानदेह साबित होगा।  उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ मराठा नेता फडणवीस को मुझे बदनाम करने में मदद कर रहे थे।” 

सागर बंगले पर विरोध प्रदर्शन

जरांगे ने चेतावनी दी कि वह मुंबई में फडणवीस के आधिकारिक आवास सागर बंगले पर विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे।  उन्होंने कहा, ‘‘अगर मैं मर जाऊं तो मेरा शव उनके घर के सामने रख देना।” इस सप्ताह की शुरुआत में महाराष्ट्र विधानमंडल ने सर्वसम्मति से एक अलग श्रेणी के तहत शिक्षा और सरकारी नौकरियों में मराठों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने वाला एक विधेयक पारित किया था, लेकिन जरांगे अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी के तहत मराठा समुदाय को कोटा देने की अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।