cm shinde

    Loading

    मुंबई: प्रदेश में आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं और मिनी आंगनबाड़ी सेवकों के 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती (Recruitment) को मंजूरी दी गई है। इस भर्ती प्रक्रिया को छह माह में पूरा करने के भी निर्देश दिए गए  हैं। यह घोषणा राज्य के  मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) ने की है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा आंगनबाड़ी कर्मचारियों को नए मोबाइल फोन और बीमा की सुविधा देने के अलावा उनके  वेतन वृद्धि पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। 

    सूत्रों के मुताबिक़, आंगनबाडी कर्मचारियों के वेतन में 10 प्रतिशत की वृद्धि की जा सकती है। गुरुवार को राज्य में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विभिन्न मांगों पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में सीएम के ‘वर्षा’ आवास पर बैठक हुई। बैठक में महिला एवं बाल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, मुख्य सचिव मनुकुमार श्रीवास्तव, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज सौनिक, एकीकृत बाल विकास सेवा आयुक्त रूबल अग्रवाल सहित महाराष्ट्र राज्य आंगनबाड़ी वर्कर्स एक्शन कमेटी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के विभिन्न संगठन-समितियों के पदाधिकारी शामिल हुए।

    सेवानिवृत्ति का लाभ

    सीएम शिंदे ने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति के तहत एकमुश्त लाभ योजना देने के लिए राज्य सरकार की तरफ से एलआईसी को 100 करोड़ रुपए  उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के लिए मौजूदा कक्षाओं और किराए के समीक्षा करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि समीक्षा के बाद नगर निगम और नगर निगम क्षेत्रों के स्कूलों में इन कक्षाओं के संचालन के संबंध में आदेश दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मचारियों को कोविड काल में उल्लेखनीय सेवा के लिए घोषित प्रोत्साहन भत्ता शीघ्र दिया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने दीपावली से पूर्व सभी कार्यकर्ताओं को भाऊबीज देने और सीधे खाते में एक समान राशि जमा कराने के लिए मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।