46 percent, people, over weight, Diabetes, Mumbai, World Diabetes Day 2023
सांकेतिक तस्वीर

Loading

  • महिलाओं में बढ़ रहा मोटापा
  • तेजी से बढ़ रहा डाइबिटीज 

नवभारत न्यूज नेटवर्क

मुंबई:  विश्व मधुमेह दिवस (World Diabetes Day 2023) पर विश्व स्वास्थ्य संगठन और बीएमसी के साझे में किए गए सर्वेक्षण में चौंकाने वाले निष्कर्ष सामने आए हैं। मुंबई (Mumbai) में शुगर (Diabetes) मरीजों की संख्या बढ़ रही है। 46 प्रतिशत (Percent) लोगों का वजन औसत से अधिक है और महिलाओं में मोटापा (Over weight) बढ़ रहा है। सर्वे के अनुसार 18 से 69 वर्ष की आयु के लगभग 18 फीसदी लोगों में उपवास रक्त शर्करा का स्तर 126 मिलीग्राम (मिलीग्राम/डीएल) से अधिक है। प्री-डायबिटीज (इम्पेयर्ड फास्टिंग ग्लाइसेमिया) का प्रतिशत 15.6 प्रतिशत है। यदि समय रहते उपाय नहीं करते तो ऐसे व्यक्ति मधुमेह की ओर बढ़ सकते हैं। 
 
तेजी से बढ़ रहा डाइबिटीज 
मुंबई में  8.3 प्रतिशत व्यक्तियों में उच्च रक्तचाप और मधुमेह दोनों पाए गए हैं। टाइप 2 मधुमेह का खतरा मोटे और गतिहीन व्यक्तियों में अधिक होता है और आमतौर पर 35 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों को प्रभावित करता है। जनवरी 2023 से अब तक लगभग 1.3 लाख लोगों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 12 हजार लोगों में उच्च रक्तचाप पाया गया है। 
 

मुंबई के नागरिकों में मोटापा
मुंबई में सर्वेक्षण से पता चला कि लगभग 46 प्रतिशत नागरिक अधिक वजन वाले हैं। महिलाओं में मोटापा अधिक पाया गया है। बीएमसी के स्वास्थ्य केंद्रों में मधुमेह के प्राथमिक परीक्षण और निदान के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। हर महीने 60,000 से 70,000 लोगों की मधुमेह और रक्तचाप की जांच की जाती है। लगभग 50,000 मरीज नियमित रूप से मधुमेह का इलाज करा रहे हैं। 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की जांच करने के लिए अगस्त 2022 से  बीेएमसी के 26 अस्पतालों में मधुमेह और उच्च रक्तचाप स्क्रीनिंग केंद्र शुरू किए गए हैं। अगस्त 2022 से अब तक इन केंद्रों के माध्यम से 2 लाख 54 हजार व्यक्तियों की जांच की जा चुकी है। 

जन जागरूकता अभियान
बीएमसी की ओर से 14 नवंबर 2023 को विश्व मधुमेह दिवस पर मुंबई में मोबाइल वैन, रेलवे स्टेशन, सामान्य सुविधा केंद्र (सीएफसी वार्ड), मॉल में मधुमेह और उच्च रक्तचाप शिविर आयोजित किए जाएंगे। सोशल मीडिया, होर्डिंग, बैनर, रेडियो, जिंगल के माध्यम से नागरिकों में जन जागरूकता पैदा की जाएगी।