North Central Railway

    Loading

    मुंबई: एनसीआर जीएम (NCR GM) की अध्यक्षता में साप्ताहिक संरक्षा और समयपालन बैठक का आयोजन किया गया। उत्तर मध्य रेलवे (North Central Railway) द्वारा समपारों पर संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। एनसीआर (NCR) ने गैर-किराया राजस्व (Non Fare Revenue) में 60% की वृद्धि दर्ज की है। जीएम प्रमोद कुमार ने ज़ोन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नए वित्त वर्ष की पहली समीक्षा बैठक की। आगरा, प्रयागराज और झांसी के डीआरएम वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हुए। 

    प्रारंभ में महाप्रबंधक ने वर्ष 2021-22 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए संपूर्ण टीम एनसीआर को बधाई दी।आगामी परियोजनाओं की चर्चा करते हुए महाप्रबंधक ने निर्देश दिए कि मॉनिटरिंग के लिए मासिक लक्ष्य निर्धारित किए जाएं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि व्यापारियों से संपर्क किया जाना चाहिए और उनके वर्ष के उत्पादन लक्ष्य पर चर्चा की जानी चाहिए और तदनुसार अधिकतम लोडिंग के प्रयास सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि हमारा फोकस गुड्स शेड में पानी की उचित सुविधा, श्रमिक आश्रय, प्रकाश व्यवस्था की व्यवस्था पर होना चाहिए।

    66 मानवयुक्त समपारों को समाप्त कर दिया गया 

    बैठक में नई गति शक्ति कार्गो टर्मिनल नीति पर भी चर्चा हूई। रेल मार्गों की गति क्षमता में वृद्धि के प्रयासों के बारे में चर्चा करते हुए कहा गया कि पिछले वर्ष 2021-22 के दौरान 10 से अधिक स्थायी गति प्रतिबंध हटा दिए गए हैं। इनमें से नैनी-प्रयागराज, झांसी-मानिकपुर और सोमना-डावर खंड में एक-एक गति प्रतिबंध, चुनार-चोपन, मथुरा-पलवल खंड में दो-दो और बिड़लानगर-उडी मोड़ खंड से तीन स्थायी गति प्रतिबंध शामिल हैं। इससे गतिशीलता में सुधार हुआ है। समपारों पर संरक्षा बढ़ाने के प्रयासों के बारे में चर्चा करते हुए, यह बताया गया कि 2021-22 के दौरान 8 रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) और 46 रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) के निर्माण के साथ उत्तर मध्य रेलवे  से कुल 66 मानवयुक्त समपारों को समाप्त कर दिया गया है। 10 समपार फाटकों को इंटरलॉक किया गया है और 17 फाटकों को यांत्रिक संचालित फाटकों के स्थान पर विद्युत संचालित समपार फाटक से बदला  गया है।  इस अवसर पर बताया गया कि पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान गैर-किराया राजस्व स्रोतों से आय में 60% से अधिक की वृद्धि हुई है। महाप्रबंधक ने कहा कि इन योजनाओं को लोकप्रिय बनाने के लिए हर संभव प्रयास करें और नए स्रोत तलाशे जाएं।