ट्रांस-हार्बर पर आज से एसी लोकल, होंगी 16 फेरियां

    Loading

    मुंबई. मध्य रेलवे (Central Railway) के ठाणे-वाशी-पनवेल ट्रांसहार्बर (Thane-Vashi-Panvel Transharbour) मार्ग पर गुरुवार से एसी लोकल (AC Local)चलाई जाएगी। मध्य रेलवे के सीपीआरओ शिवाजी सुतार ने बताया कि 7 अक्तूबर से ट्रांसहार्बर (Transharbour) पर एसी लोकल की 16 फेरियां लगेंगी। पनवेल (Panvel) से पहली एसी लोकल सुबह 5.44 बजे और ठाणे (Thane) से 6.46 बजे रवाना होगी। अंतिम एसी लोकल पनवेल से रात 8.52 और ठाणे से रात 9.54 को छुटेगी।

    ठाणे से वाशी के लिए सुबह 8.08 बजे और वाशी से ठाणे एक फेरी 8.45 बजे लगेगी। ठाणे से बेलापुर और नेरुल के लिए एसी लोकल की फेरी शुरू होगी। रोजाना 16 फेरियां सोमवार से शुक्रवार तक एसी रेक के साथ चलेंगी। ट्रांसहार्बर पर 30 जनवरी 2019 को पहली बार एसी लोकल चली।

    कोरोना के कारण बंद हुआ था संचालन

    कोविडकाल में इसका संचालन बंद हो गया। मेनलाइन पर भी एक एसी लोकल चलाई जा रही है। मध्य रेलवे के पास एसी लोकल के 4 रेक हैं। एसी लोकल के साथ  ट्रांस-हार्बर खंड पर उपनगरीय सेवाओं की कुल संख्या वर्तमान 246 से बढ़कर 262 हो जाएगी और मध्य रेल उपनगरीय सेवाओं की कुल संख्या वर्तमान 1686 से बढ़कर 1702 हो जाएगी।