मध्य रेलवे को मिली 6 ठी एसी लोकल

    Loading

    मुंबई: एसी लोकल (AC Local) से चलने वालों के लिए खुशखबरी है। मध्य रेलवे (Central Railway) के लोकल ट्रेन (Local Train) के बेड़े में 6 ठी एसी लोकल शामिल होने वाली है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आईसीएफ (ICF) से नई एसी रेक मध्य रेलवे को मिल गई है। मध्य रेलवे को एक और नई एसी लोकल मिलने से यात्रियों को सुविधा होगी।

    उल्लेखनीय है कि मध्य रेलवे के मेनलाइन पर एसी लोकल को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। सुबह-शाम पीक आवर में एसी लोकल फुल दौड़ रही है। इस समय मध्य रेलवे पर 4 एसी लोकल चल रही है,जबकि एक बैकअप के लिए है।

    फ़िलहाल सर्विस नहीं बढ़ेगी

    एसी लोकल की संख्या भले बढ़ी है, परंतु तत्काल फेरियां बढ़ने की संभावना नहीं है। 5 लोकल चलाई जाएगी, लेकिन फिलहाल फेरियां उतनी ही रहेंगी। वैसे एक ट्रेन बढ़ने से 10-12 फेरी बढ़ सकती है, लेकिन इसके लिए साधारण लोकल की फेरियां कम करनी होंगी, जो अत्यधिक भीड़ को देखते हुए संभव नहीं है। मध्य रेलवे पर इस समय एसी लोकल की 56 फेरी चला रहा है, जबकि वेस्टर्न रेलवे पर 4 एसी लोकल की 32 फेरियां चलती हैं। दोनों जगह एसी लोकल में यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। सुबह-शाम ज्यादा एसी लोकल की मांग भी यात्री कर रहे हैं।

    2017 में पहली एसी लोकल

    मुंबई में पहली एसी लोकल 25 दिसंबर 2017 को वेस्टर्न रेलवे पर चलाई गई। मध्य रेलवे के ट्रांस हार्बर और हार्बर मार्ग पर एसी लोकल को प्रतिसाद न मिलने पर मेनलाइन पर फ़ास्ट और स्लो दोनों एसी लोकल चलाई जा रही है।

    6500 यात्रियों की क्षमता

    12 कोच की साधारण लोकल में 3504 यात्री जिनमें 1168 बैठ कर और 2336 यात्री खड़े होकर यात्रा कर सकते हैं, जबकि एसी लोकल में 6,500 यात्री ढोने की क्षमता है।