MMRDA

    Loading

    मुंबई: मुंबई एमएमआर (Mumbai MMR) को यातायात समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए बड़े पैमाने पर इंफ़्रा परियोजनाओं (Infra Projects) पर काम हो रहा है। एमएमआर के इंफ़्रा विकास को सरकार प्राथमिकता दे रही है। यह मत राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (CM Eknath Shinde) ने व्यक्त किया।  ठाणे के कलवा, मुंब्रा में दो उड़ानपुलों के लोकार्पण के अलावा कल्याण-डोम्बिवली में एमएमआरडीए के माध्यम से शुरू विभिन्न सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन सीएम शिंदे ने किया। 

    इस अवसर पर सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे, पूर्व मंत्री जितेंद्र आव्हाड, विधायक रविन्द्र फाटक, कल्याण जिला प्रमुख गोपाल लांडगे, एमएमआरडीए आयुक्त एसवीआर श्रीनिवास, जिलाधिकारी अशोक शिनगारे, टीएमसी और केडीएमसी के कमिश्नर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सरकार बदली है, इसके साथ जनता की सुविधा के लिए शहर बदलने का काम किया जाएगा।

    फ्री वे जुड़ेगा गुजरात हाइवे से 

    मुख्यमंत्री ने कलवा खाड़ी पर तीसरे उड़ानपुल और नेशनल हाइवे क्रमांक-4 पर एमएमआरडीए निर्मित मुंब्रा वाय जंक्शन फ्लाईओवर का लोकार्पण किया। सीएम ने कहा कि मुंबई-ठाणे शहर के बीच यातायात सुगम बनाने मुंबई फ्री-वे का विस्तार घाटकोपर के छेड़ानगर से अहमदाबाद हाइवे पर फाउंटेन तक किया जाएगा। ठाणे घोडबंदर रोड पर हैवी ट्रैफिक से निजात के लिए खाड़ी किनारे से बायपास प्रोजेक्ट मंजूर हो गया है। सीएम शिंदे ने कहा कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत बनाने का काम हो रहा है। 330 किमी से ज्यादा मेट्रो का विस्तार अगले कुछ वर्षों में हो जाएगा।

    886 प्रभावितों का पुनर्वास

    मुंब्रा वाय जंक्शन फ्लाईओवर का फायदा हजारों वाहनों के आवागमन में होगा। इससे जेएनपीटी और गुजरात की तरफ जाने वाले लोगों को सुविधा और समय की बचत होगी। एमएमआरडीए आयुक्त ने कहा कि इस फ्लाईओवर प्रोजेक्ट से प्रभावित 886 लोगों का पुनर्वास भी प्राधिकरण की तरफ से किया गया है। डोंबिवली रेलवे स्टेशन ते सागाव-मानपाडा रस्ता और डोंबिवली एमआयडीसी के अंतर्गत सड़कों के कॉंक्रिटीकरण कार्य का भूमिपूजन मुख्यमंत्री ने किया। उल्लेखनीय है कि स्थानीय सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे इन इंफ़्रा कार्यों की मंजूरी के लिए काफी समय से प्रयासरत थे। कल्याण से तलोजा तक मेट्रो-12 का काम भी जल्द शुरू होने की घोषणा की गई है।