Mail threatening terror attack in Mumbai received; NIA, police initiate joint probe

    मुंबई : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को तालिबानी सदस्य होने का दावा करने वाले एक अज्ञात व्यक्ति का मेल मिला है। इस मेल (Mail) में मुंबई में आतंकी हमला (Terror Attack) करने की धमकी दी गई है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, एनआईए ने मुंबई पुलिस को इस बात की जानकारी दी है, जिसके बाद महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों को अलर्ट पर रखा गया है।

    मुंबई पुलिस (Mumbai Police) के सूत्रों ने कहा, ‘आतंकी हमला होने वाला मेल भेजने वाले ने खुद को तालिबानी बताया। उसने कहा कि मुंबई में आतंकी हमला होगा।’ धमकी भरा मेल मिलने के बाद एनआईए ने मुंबई पुलिस के साथ मिलकर सच्चाई का पता लगाने के लिए एक संयुक्त जांच शुरू की। मुंबई पुलिस ने तमाम सार्वजनिक स्थानों, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन समेत कई जगहों पर जांच के साथ सुरक्षा कड़ी कर दी है।

    बता दें कि, इससे पहले इसी साल जनवरी में मुंबई के धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल में एक धमकी भरा कॉल आया था, जिसमें अज्ञात कॉलर ने स्कूल को उड़ाने की धमकी दी थी। मुंबई पुलिस के मुताबिक, स्कूल के लैंडलाइन पर शाम साढ़े चार बजे एक कॉल आई। फोन करने वाले ने स्कूल में टाइम बम लगाने का दावा किया था।