File Photo
File Photo

Loading

मुंबई: पिछले कुछ दिनों से उमस और गर्मी से तरबतर हो रहे मुंबईकरों को कल झमाझम बारिश ने जमकर राहत दी। मानसून मुंबई में सक्रिय हो गया है और कुछ ही घंटों में राज्य के अन्य हिस्सों में भी सक्रिय हो जाएगा। सोमवार से बुधवार तक मुंबई, ठाणे, पालघर के लिए बारिश की ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि पहले बारिश ने बीएमसी के नाले सफाई की भी पोल खोलकर रख दी। भारी बारिश से कई इलाके जलमग्न हो, जिससे लोगों को परेशानियां उठानी पड़ी। ट्राफिक के कारण लोग हलकान हुए।   

शनिवार सुबह से मुंबई और उपनगरों में जोरदार दस्तक 

मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक कोंकण, विदर्भ, पश्चिम महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। शुक्रवार रात को ही महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में मॉनसून दिखाई दे गया। शनिवार सुबह से मुंबई और उपनगरों में जोरदार दस्तक दी। लोगों को गर्मी से राहत मिली। दोपहर में बारिश थम गई लेकिन शाम तक बारिश ने फिर जोरदार उपस्थिति दर्ज कराई। सायन, अंधेरी सबवे, दादर, दहिसर के कई इलाकों में पानी भर गया। ट्रैफिक की समस्या निर्माण हो गई। बीएमसी द्वारा की गई 150 करोड़ रुपए की नाला सफाई की पोल पहली बारिश से ही खुल गई। हालांकि पहली बारिश का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। चाय-पकोड़े की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी गई। बच्चे और युवा बारिश में भीगते नजर आए। कल अवकाश होने के कारण कई लोगों ने पिकनीक पर जाने की योजना भी बना डाली। 

यहां भी भारी बारिश की चेतावनी 

पुणे मौसम विभाग के प्रमुख के. एस होसालिकर के अनुसार पिछले तीन सप्ताह से बारिश का इंतजार कर रहे नागरिक सूखे की स्थिति निर्माण होने से चिंतित थे। अगले पांच दिनों में महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों में मॉनसून सक्रिय हो जाएगा। कोंकण और विदर्भ में कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। पश्चिम महाराष्ट्र के पुणे, सातारा और उत्तरी महाराष्ट्र के नासिक जिले में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। मराठवाड़ा में भी भारी बारिश होगी। मुंबई में आज मध्यम बारिश और 26 से 28 जून तक तीन दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है। ठाणे और पालघर में भी अगले पांच दिनों तक इतनी ही बारिश होगी। रायगढ़ में 25 जून से 28 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में अगले तीन दिनों भारी बारिश होने की संभावना है।

 मानसून की बनी अनुकुल स्थितियां 

मौसम विभाग के अनुसार मानसून रायगढ़ जिले के अलीबाग तक पहुंच चुका है और अगले 48 कुछ घंटों में मुंबई और आस-पास के इलाकों में दस्तक दे देगा। दक्षिण पश्चिम मॉनसून मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, लद्दाख से आगे बढ़ गया है।   मानसून की उत्तरी सीमा (एनएलएम)’ अब अलीबाग, सोलापुर, उदगीर, नागपुर (महाराष्ट्र में), मंडला, सोनभद्र, बक्सर, सिद्धार्थनगर, पंतनगर, बिजनौर, यमुनानगर, ऊना और द्रास से होकर गुजर रही है। कल से मुंबई सहित महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, पंजाब में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। 

ग्यारह जगहों पर गिरे पेड़ या टहनियां 

जोरदार बारिश से मालबार इलाके के वालकेेश्वर में एक पेड़ गिरने 10 कारें डैमेज हो गई। यह कारें उस पेड़ के नीचे खड़ी थी। सौभाग्य से इस घटना में प्रभावित नहीं हुआ। लेकिन ट्राफिक जाम हो गया। मनपा के वृक्ष विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ की टहनियों को सड़क से हटाया। महानगर और उपनगरों में पेड़ या टहनियां गिरने की 11 घटनाएं हुई।