Mumbai Metro 5 khadee brij

Loading

मुंबई: मुंबई और एमएमआर में मेट्रो का जाल बिछाए जाने का काम तेजी से हो रहा है। एमएमआर (MMR) में एक स्थान ऐसा भी है जहां समुद्री खाड़ी पर बन रहे ब्रिज से मुंबई मेट्रो (Mumbai Metro) गुजरेगी। ठाणे (Thane) से भिवंडी (Bhiwandi) और कल्याण को जोड़ने वाली मेट्रो-5 (Metro-5)कशेली खाड़ी के ऊपर से गुजरेगी। इस विशाल खाड़ी पर ब्रिज बनाने का काम तेजी से शुरू है। मुंबई मेट्रो लाइन-5 के पहले चरण में क्रिक ब्रिज का काम किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि ठाणे से भिवंडी को जोड़ने के लिए अंग्रेजों ने 100 साल पहले कशेली खाड़ी पर ब्रिज बनाया था। लोहे का वह ब्रिज आज भी खड़ा है। लगभग 10 वर्ष पहले वाहनों की आवाजाही के लिए राज्य सरकार ने नया ब्रिज बनाया। अब मेट्रो को ठाणे से भिवंडी और आगे कल्याण तक जोड़ने के लिए 2021 से ही नए क्रिक ब्रिज की शुरुआत हुई।

काशेली क्रिक मेट्रो वायाडक्ट

कशेली क्रिक पर निर्माणाधीन मेट्रो ब्रिज की लंबाई लगभग 550 मीटर है। वायडक्ट का निर्माण मुंबई की इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी एफकॉन्स द्वारा किया जा रहा है। काशेली क्रीक ब्रिज में 15 खंड और 13 स्पैन हैं, जिनमें  9 पानी पर हैं। यह पानी की सतह से 15 मीटर ऊंचाई पर बने हैं। प्रत्येक स्पैन 42.23 मीटर लंबा है। स्पैन का निर्माण लगभग चार महीनों में किया गया है। एमएमआरडीए के अनुसार, यह काफी चुनौतीपूर्ण कार्य है। उल्लेखनीय है कि यह देश का पहला मेट्रो कॉरिडोर होगा जो समुद्री खाड़ी के ऊपर से गुजरेगा।

24.9 किमी लंबा मेट्रो मार्ग

ठाणे-भिवंडी-कल्याण मेट्रो-5 कॉरिडोर के तहत 24.9 किमी लंबा मेट्रो मार्ग है। इनमें ठाणे से भिवंडी के बीच काम तेजी से हो रहा है, जिनमें बालकुम, कशेली, काल्हेर, पूर्णा, अंजुरफाटा और धामनकर नाका शामिल हैं। अफकॉन्स का दावा है कि 11.68 किमी वायाडक्ट के 9.3 किलोमीटर (किमी) पर सुपरस्ट्रक्चर पहले ही पूरा हो चुका है और सभी 6 स्टेशनों में 62 प्रतिशत काम पूरा हो चुका हैं। पूरे प्रोजेक्ट का 71 प्रतिशत से अधिक का काम पूरा हो चुका है। मेट्रो-5 के काम को सितंबर 2019 में शुरू किया गया और अब 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। यह मेट्रो वडाला-कासारवडवली मेट्रो से जुड़ेगी। बाद में इसे कल्याण से तलोजा प्रस्तावित मेट्रो-12 से भी जोड़ने की योजना हैं।

डिपो निर्माण में खर्च होंगे 472 करोड़ रुपए

ठाणे-भिवंडी और कल्याण के बीच मेट्रो लाइन-5 के लिए कशेली में डिपो के निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू है। इस डिपो के निर्माण पर लगभग 472 करोड़ रुपए से अधिक की लागत आएगी।

ऐसी होगी मेट्रो-5 परियोजना

  •  ठाणे-भिवंडी-कल्याण तक
  • 24.9 किमी कॉरिडोर
  • प्रोजेक्ट की लागत करीब  8,416 करोड़ रुपए
  • कुल 15 मेट्रो स्टेशन
  • पहले चरण का लक्ष्य अक्टूबर 2024 तक