Nitin raut
नितिन राउत (फाइल फोटो)

    Loading

    मुंबई: अपने विभिन्न बयानों और फैसलों को लेकर चर्चा में रहने वाले कांग्रेस नेता और राज्य के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत (Nitin Raut) की अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी (AICC) की अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष पद से छुट्टी कर दी गई है। यह फैसला कांग्रेस हाईकमान (Congress Highcommand) ने लिया है। राउत की जगह राजेश लिलोठिया (Rajesh Lilothia) को नया अध्यक्ष (New President) नियुक्त किया गया है। पिछले कुछ दिनों में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले (Nana Patole) और नितिन राउत के बीच छत्तीस का आंकड़ा चल रहा है। 

    माना जा रहा है कि यह बदलाव उसी का परिणाम है। कुछ दिनों पहले कांग्रेस हाईकमान ने विधान परिषद की नागपुर सीट पर मिली हार के बाद पटोले और राउत के साथ कैबिनेट मंत्री सुनील केदार को दिल्ली तलब किया था। बैठक के बाद राउत बिना मीडिया से बात किए वहां से चले गए। 

    वहीं महाराष्ट्र विधानमंडल के चल रहे शीतसत्र के दौरान भी नाना पटोले और नितिन राउत के बीच मतभेद की खबरें हैं। वहीं एक गुट का कहना है कि राउत एससी अध्यक्ष पद पर पिछले दो साल से ज्यादा समय से थे। ऐसे में ऊर्जा मंत्री राउत ने एक नेता एक पद के सिद्धांत पर खुद इस पद को छोड़ने की इच्छा जताई थी।