Weather Update, Maharashtra Rain
फ़ाइल फोटो

Loading

मुंबई: मुंबई में बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। भारी वर्षा कारण यातायात भी प्रभावित हो गया है। वहीं, मौसम विभाग ने 27 जुलाई यानी कल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। इस बीच, बृहन्मुंबई नगर निगम आयुक्त और प्रशासक डॉ. इकबाल सिंह चहल ने भारी बारिश के मद्देनजर कल मुंबई शहर और उपनगरों के सभी नगरपालिका, सरकारी और निजी प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों और सभी कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की है। 

27 जुलाई के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ 

मुंबई में बुधवार को भारी बारिश के कारण यातायात प्रभावित हुआ लेकिन कुछ देरी के साथ उपनगरीय रेल सेवाओं का परिचालन सामान्य रहा। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ चेतावनी जारी की है। विभाग ने इस दौरान कुछ इलाकों में बहुत भारी से भी भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।

बुधवार सुबह जारी दैनिक मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, “मौसम विभाग ने मुंबई और उपनगरों में भारी बारिश तथा अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। विभाग ने 24 घंटों में 45-55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया है।”ऑरेंज अलर्ट के बीच मुंबई और उपनगरों में सुबह से भारी बारिश हो रही है। 

विभाग के मुताबिक, मुंबई में सुबह आठ बजे से शाम चार बजे के बीच 61.19 मिमी बारिश हुई, जबकि इसी अवधि में पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 34.53 मिमी और 40.68 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण मुंबई और उपनगरों में यातायात धीमा हो गया है, लेकिन लोकल ट्रेन और बेस्ट की बसें कुछ देरी के साथ सामान्य रूप से चल रही हैं। (भाषा इनपुट के साथ)