MUMBAI PARKING

Loading

मुंबई: अपनी कार और अन्य निजी वाहनों से मुंबई (Mumbai) आने वालों के लिए अच्छी खबर है। मुंबई महानगरपालिका (BMC) अत्याधुनिक तकनीक के सहारे मोबाइल एप (Mobile App) तैयार कर रही हैं। जिसके जरिए 24 घंटे पार्किंग की जानकारी (24 Hour Parking Information) मिल सकेगी। एप में पार्किंग चार्ज के डिजिटल भुगतान (Digital Payment) की सुविधा भी होगी। मुंबई पार्किंग अथारिटी ने मुंबई शहर और उपनगरों में 3 हजार 551 स्थानों पर पार्किंग का प्रस्ताव दिया है। परियोजना को चार चरणों में पूरा किया जाना हैं। इस काम के लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने को लेकर निविदा जारी की गयी है। 

वाहनों की संख्या लगातार बढ़ने से मुंबई में पर्किंग की समस्या विकट बनती जा रही है। मुंबई में हर रोज सैकड़ों वाहन पंजीकृत हो रहे हैं। वाहनों की संख्या के मुकाबले पार्किंग की जगह उपलब्ध नहीं है। सड़कों के किनारे दोनों तरफ वाहनों को खड़ा करने से लोगों को अधिक मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान को लेकर वर्तमान में उपलब्ध पार्किंग स्थलों के बारे में जानकारी प्रदान करने वाला एक मोबाइल एप लांच किया जाएगा। 

पार्किंग से संबंधित जानकारी की जाएगी एकत्रित

उससे पहले मुंबई में सरकारी, व्यावसायिक और निजी संस्थाओं की पार्किंग के बारे में पूरी जानकारी जुटाई जानी है। हालांकि यह काम बीएमसी के लिए एक चुनौती है। इसके लिए बीएमसी ने एक एकीकृत सूचना प्रौद्योगिकी प्रणाली के माध्यम से पार्किंग से संबंधित सूचनाओं के व्यापक डिजिटलीकरण के उद्देश्य से मुंबई पार्किंग पूल (एमपीपी) बनाने की पहल की है। इसमें मुंबई महानगरपालिका की मौजूदा और प्रस्तावित पार्किंग से संबंधित परियोजनाओं की सरकारी, वाणिज्यिक और निजी संस्थाओं की पार्किंग से संबंधित जानकारी एकत्र की जाएगी।

चार चरणों में पूरी की जानी है परियोजना

महानगरपालिका प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, परियोजना चार चरणों में पूरी की जानी है। इसके तहत ऑन स्ट्रीट और ऑफ स्ट्रीट दोनों की जानकारी उपलब्ध दी जाएगी। फ़िलहाल मुंबई महानगरपालिका के 17 वार्डों  में 32 स्थानों पर सार्वजनिक पार्किंग और 29 स्थानों पर पे एंड पार्क की सुविधा  उपलब्ध है। पहले चरण में इनकी ही जानकारी मिलेगी। दूसरे चरण में वर्तमान 65 पार्किंग लॉट के अलावा चार वार्डों में प्रस्तावित 530 स्थानों का समावेश होगा। जिसमें 263 स्थान पे एंड पार्क और सामान्य जबकि 267 निवासी क्षेत्र में पे एंड पार्क की जानकारी मिलेगी।  तीसरे चरण में सड़क से लग कर 1 हजार 978 स्थानों पर पे एंड पार्क की सुविधा मिलेगी। इस तरह मुंबई में कुल 3 हजार 551 स्थानों पर पार्किंग का प्रस्ताव है। बताया गया कि नई सुविधा मिलने के बाद यूजर्स डिजिटल और कॉन्टैक्टलेस पेमेंट कर सकते हैं। यह लेन-देन कुछ ही पलों में किया जा सकता है। यूपीआई सुविधा का इस्तेमाल कर रिचार्ज किया जा सकता है। ऑनलाइन रिचार्ज के लिए क्रेडिट, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग विकल्प उपलब्ध रहेगा। डिजिटल ट्रांजेक्शन को वाहन के लाइसेंस, नंबर प्लेट से जोड़ा जाएगा। 

मुंबई महानगरपालिका और अन्य सरकारी सरकारी संस्थाओं जैसे एमएमआरडीए, पोर्ट ट्रस्ट, सड़क के किनारे पार्किंग और निजी हाउसिंग सोसायटियों में उपलब्ध पार्किंग स्थलों की सारी जानकारी एक ही सॉफ्टवेयर में उपलब्ध होगी। सॉफ्टवेयर पार्किंग सुविधा से संबंधित पहलुओं को एकीकृत करना संभव बना देगा।

-पी वेलारासु, अतिरिक्त आयुक्त, मुंबई महानगरपालिका