
मुंबई: राज्य भर में इस वक्त औरंगजेब को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। इन बीच मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने बुधवार को अपने जन्मदिन पर औरंगजेब की फोटो वाला केक काट कर अपने आप को हिंदुत्व का बड़ा पैरोकार होने का संकेत दिया। इससे एक नया विवाद उठ खड़ा होने की संभावना जताई जा रही है। मनसे रेलवे वर्कर्स सेना के अध्यक्ष जितेंद्र पाटिल औरंगजेब की फोटो वाला केक लेकर आए और राज एवं उनकी पत्नी शर्मिला ठाकरे ने वह केक काट कर अलग संकेत दिया। इससे पहले मनसे नेता संदीप देशपांडे ने औरंगजेब की फोटो जलाई थी, इस पर मामला दर्ज किया गया था।
मनसे अब औरंगजेब वाले विवाद में पूरी तरह कूद पड़ी
इसके पहले भी मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे की पत्नी शर्मिला ठाकरे के जन्मदिन पर मनसे नेता अविनाश जाधव का औरंगजेब के प्रिंट वाला केक काटते हुए एक वीडियो सामने आया था। चर्चा है,कि मनसे अब औरंगजेब वाले विवाद में पूरी तरह कूद पड़ी है। राज ठाकरे चाहते हैं कि हिंदुत्व के मुद्दे पर उनकी एंग्री यंग मैन की भूमिका आगे बढ़े। इसके पहले मस्जिदों पर लाउडस्पीकर के मुद्दे पर भी राज ठाकरे मुखर रहे। अब औरंगजेब की तस्वीर वाला केक काट कर हिंदू जननायक के रूप में उनकी नई छवि पेश करने का एक और प्रयास माना जा रहा है।
राज ठाकरे के चित्र पर दूध अभिषेक
मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के जन्मदिन के मौके पर मनसे कार्यकर्ताओं ने दूध अभिषेक किया। मुंबई के चेंबूर स्थित सिंधी कैंप में पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास राज ठाकरे के पुतले का दुग्ध अभिषेक किया गया। राज ठाकरे को भावी मुख्यमंत्री बताने वाले पोस्टर भी मनसैनिकों ने लगाए। साथ ही मंदिरों में पूजा रखी गई। पनवेल के एक मॉल में मनसे कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष राज ठाकरे की फूल से रंगोली बनाई। इस तरह उनके जन्मदिन को हिंदुत्व के पैरोकार के रूप में मनाए जाने का संकेत दिया गया। आधी रात को राज ठाकरे के घर के बाहर कार्यकताओं ने नारेबाजी की। राज ने कहा कि मेरा पोता बीमार है, ज्यादा चिल्लाओ मत, पोता सो रहा है, उसके बाद जाकर कार्यकर्ता शांत हुए।