Bharat Jodo Yatra rahul

    Loading

    मुंबई/ नांदेड़: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) सोमवार की शाम महाराष्ट्र (Maharashtra) के नांदेड़ (Nanded) पहुंची। इस मौके पर उनका स्वागत करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले, कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात और पूर्व सीएम अशोक चव्हाण, महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। 

    इसके अलावा भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बड़ी ही गर्मजोशी के साथ राहुल का स्वागत किया। कांग्रेस सांसद सोमवार की शाम पड़ोसी राज्य तेलंगाना से महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के देगलूर पहुंचें। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने 61वें दिन महाराष्ट्र में पहुंची है।

    शरद पवार समेत उद्धव ठाकरे भी होंगे शामिल

    ऐसी रिपोर्ट है कि राहुल गांधी की इस यात्रा में एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार, पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे और युवा सेना नेता आदित्य ठाकरे समेत विपक्षी दलों के कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। मिली जानकारी के मुताबिक, 9 नवंबर को आदित्य ठाकरे राहुल गांधी के साथ दिखाई दे सकते हैं।

    381 किलोमीटर चलेंगे राहुल

    राहुल गांधी महाराष्ट्र में अपनी 14 दिनों की यात्रा के दौरान 15 विधानसभा और 6  संसदीय क्षेत्रों में करीब 381 किलोमीटर का सफ़र तय करेंगे। इस दौरान वह रोजाना 22 से 23 किलोमीटर चलेंगे। राज्य में भारत जोड़ो यात्रा नांदेड़, हिंगोली, वाशिम और अकोला और बुलढाणा जिलों से होकर गुजरेगी।

    महाराष्ट्र के खानों का लेंगे स्वाद

    महाराष्ट्र में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का असली सफर मंगलवार से शुरू होगा। इसके लिए प्रदेश भर से भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता नांदेड़ पहुंच रहे हैं। नांदेड़ में राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं के लंच के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। भोजन में ऐसा भोजन होगा जो महाराष्ट्र की खाद्य संस्कृति के लिए विशिष्ट है। इन व्यंजनों में थालीपीठ, खट्टा वरण, बाजरे की रोटी, पिठाले, दही-धापते, शेव भाजी, बैगन भरी शामिल हैं।