उद्धव ठाकरे
उद्धव ठाकरे

Loading

  • उद्धव के शनिवार को मुंब्रा दौरे पर लगी हैं निगाहें

ठाणे: लोकसभा चुनाव के पहले ठाणे में शिंदे-ठाकरे संघर्ष देखने को मिल सकता है। शिवसेना (यूबीटी) पार्टी प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) शनिवार (Saturday) को मुंब्रा (Mumbra) आ रहे हैं। ठाकरे के दौरे पर सभी की निगाहें लगी हुई हैं। दिवाली की पूर्व संध्या पर ठाकरे का मुंब्रा दौरा कई मायने में महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। ठाणे जिला शिवसेना प्रमुख रहे आनंद दिघे ने मुंब्रा में शिवसेना शाखा (Shiv Sena Shakha) शुरू की थी। शिवसेना में दो फाड़ होने के बाद मुंब्रा की शिवसेना शाखा को लेकर विवाद शुरू हुआ था। विवाद की वजह से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट के पदाधिकारियों ने जेसीबी लगा कर शाखा को जमींदोज (Demolish) कर दिया था। पिछले दिनों उसी स्थान पर भव्य दिव्य शाखा के निर्माण को लेकर भूमिपूजन किया गया था। इस अवसर पर शिवसेना कल्याण जिला प्रमुख गोपाल लांडगे, राजन किने सहित अन्य लोग उपस्थित थे। 

 
मुस्लिम आबादी अधिक, फिर भी सेना का वर्चस्व
मुस्लिम आबादी अधिक होने के बावजूद मुंब्रा में शिवसेना का वर्चस्व रहा है। एकनाथ शिंदे के अलग रास्ता अपनाने के बाद शिवसेना दो हिस्सों में बंट गई है। मुंब्रा के अधिकतर पूर्व नगरसेवक एवं शिवसैनिक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ हैं। इसी वजह से मुंब्रा की सबसे पुरानी शाखा का पुनर्निर्माण कराया जा रहा है। वर्ष 2001 में मुंब्रा में सड़क को चौड़ा किए जाने के बाद शंकर मंदिर के पास शिवसेना शाखा का निर्माण किया गया था। जमींदोज होने तक इस शाखा में ठाकरे गुट के पदाधिकारी बैठ रहे थे। 

 
शाखा को ढहाने से उद्धव गुट नाराज
कुछ दिनों पहले ही ठाकरे गुट के पदाधिकारी जब शाखा के बाहर गए तभी जेसीबी की सहायता से उसे ढहा दिया गया था। शाखा को जमींदोज किए जाने को लेकर ठाकरे गुट में खूब नाराजगी है। ठाकरे गुट के लोग इसे शिंदे गुट की गुंडागर्दी बता रहे हैं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में पार्टी ने लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू की है। कलवा मुंब्रा विधानसभा सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) गुट के जितेंद्र आव्हाड काबिज हैं। लेकिन इस क्षेत्र के सांसद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पुत्र श्रीकांत शिंदे हैं। 

जमींदोज शाखा का जायजा लेंगे ठाकरे
सांसद शिंदे ने मतदाताओं को आकर्षित करने को लेकर क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं के लिए निधि उपलब्ध कराई है। लेकिन लोकसभा चुनाव के पहले मुंब्रा सहित पूरे ठाणे जिले में शिंदे -ठाकरे संघर्ष देखने को मिल सकता है। बताया गया कि शनिवार को उद्धव ठाकरे जमींदोज शाखा स्थल का भी जायजा लेंगे। शिवसेना शाखा को लेकर ठाकरे किस तरह की भूमिका अख्तियार करते हैं, इसी पर सभी की निगाहें लगी हुई हैं।