Amit shah in mumbai lalbagcha raja

Loading

मुंबई: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) महाराष्ट्र दौरे पर है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुंबई के विभिन्न स्थानों पर अपने वार्षिक गणेशोत्सव दर्शन के लिए शनिवार (23  सितंबर) को देश की आर्थिक राजधानी पहुंचे। उन्होंने मुंबई के प्रसिद्ध लालबाग के राजा (Lalbaghcha Raja) के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। गृहमंत्री के साथ राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadanvis) भी मौजूद थे। 

वर्षा बंगले पर की भगवान गणेश की पूजा-अर्चना 

लालबाग के राजा के दर्शन के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को दक्षिणी मुंबई के मालाबार हिल स्थित महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आवास ‘सागर’ गए और गणपति उत्सव में हिस्सा लिया।  साथ ही मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ बैठकर सियासी चर्चा की।

गृह मंत्री अमित शाह आज दोपहर मुंबई पहुंचे। पार्टी नेता आशीष शेलार और उनके परिवार ने अमित शाह और पार्टी के अन्य नेताओं का उनके बांद्रा स्थित घर पर गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें एक स्मृति चिन्ह भेंट किया। केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे को लेकर मुंबई पुलिस चौकन्ना है। 

मुंबई विश्वविद्यालय में देंगे व्याख्यान

गृहमंत्री अमित शाह आज मुंबई विश्वविद्यालय में लक्ष्मणराव इनामदार स्मृति व्याख्यान देंगे। लक्ष्मणराव इनामदार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेता थे और इस व्याख्यान का आयोजन ‘सहकार भारती’ के सहयोग से किया जा रहा है। ‘सहकार भारती’ एक सहकारी संस्था है, जिसकी स्थापना इनामदार ने की थी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि देश के विकास में सहकारी क्षेत्र का बेहद महत्व है। विश्वविद्यालय के वाणिज्य, प्रबंधन और अर्थशास्त्र विभाग सहकारी क्षेत्र में अध्ययन और अनुसंधान करते हैं। मुंबई विश्वविद्यालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।